सूरत में डिलीवरी ब्वॉय ने चुराए 4 लाख से ज्यादा के पार्सल, आईफोन, जींस से लेकर टूथपेस्ट तक किये गायब

सूरत में डिलीवरी ब्वॉय ने चुराए 4 लाख से ज्यादा के पार्सल, आईफोन, जींस से लेकर टूथपेस्ट तक किये गायब

प्रेषित समय :17:51:30 PM / Sun, Oct 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अहमदाबाद. गुजरात के सूरत में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में काम करने वाले 26 वर्षीय एक डिलीवरी एजेंट को भावनगर लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पर ग्राहकों को भेजे जाने वाले पार्सल से करीब 4.60 लाख रुपये के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चुराने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी के पास से चुराया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भावनगर के अखलोल जकातनाका निवासी रुत्विक मकवाना उर्फ कोली के रूप में हुई है. एलसीबी को सूचना मिली थी कि मोतीबाग रोड पर गंगाजलिया झील के किनारे एक युवक बिना किसी बिल या वैध दस्तावेज के नए मोबाइल फोन और अन्य उत्पाद बेच रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे सामान के साथ पकड़ लिया. जब उससे सामान के बिल मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया. इसके बाद पुलिस ने माल जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया.

पूछताछ में कबूला पार्सल गबन करने का जुर्म

सख्ती से की गई पूछताछ में मकवाना ने स्वीकार किया कि वह सूरत में फ्लिपकार्ट के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता था और उसने करीब 15 दिन पहले इन पार्सल को चुराया था. पुलिस के अनुसार, वह ग्राहकों को डिलीवर किए जाने वाले महंगे सामान और मोबाइल फोन के बैग कंपनी से हासिल करता था. इसके बाद वह उन पार्सल को ग्राहकों तक पहुंचाने या कंपनी को वापस लौटाने के बजाय खुद रखकर सूरत से फरार हो गया था.

4.60 लाख रुपये से अधिक का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 460512 रुपये मूल्य का चोरी का सामान जब्त किया है. बरामद सामग्री में गूगल पिक्सल, सैमसंग गैलेक्सी, वीवो, लावा, पोको, मोटोरोला और एचएमडी जैसे ब्रांड्स के 13 नए स्मार्टफोन शामिल हैं. इसके अलावा एप्पल एयरपॉड्स, फायर-बोल्ट स्मार्टवॉच, टाइटन व अन्य ब्रांड्स की घडिय़ां, वनप्लस व वीवो के ईयरबड्स, महंगे परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स, पावर बैंक और लुई फिलिप ब्रांड के कपड़े भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

भावनगर क्राइम ब्रांच ने आरोपी और जब्त किए गए माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंगाजलिया पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है. यह मामला सूरत शहर के सरोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-