जबलपुर. एमपी के जबलपुर में आजाद नगर रांझी में आयोजित भंडारा व देवी जागरण में बदमाशों ने द्वारा किए गए हमले में आज एक युवक पारस यादव की मौत हो गई. युवक की मौत से गुस्साए परिजनों व क्षेत्रीय लोगों ने आज दोपहर रांझी रोड पर धरना देकर प्रदर्शन शुरु कर दिया. लोगों ने आरोपियों के घरों को तोडऩे की मांग की है. वहीं मामले में रांझी पुलिस ने हमला करने वाले सभी आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया.
बताया गया है कि आजाद नगर में देवी जागरण और भंडारा चल रहा था, तभी बाइक पर सवार 6 से 7 लोग आए और भीड़ पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इसमें 8 लोग घायल हुए. देर रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान पारस यादव की मौत हो गई. आज दोपहर करीब 12 बजे सैकड़ों लोग पारस यादव का शव लेकर व्हीकल मोड़ पहुंचे और चक्काजाम कर दिया. परिजनों की मांग थी कि हत्या के आरोपियों के मकान तुरंत तोड़े जाएं, क्योंकि उनके मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी हैं. विवाद की वजह यह थी कि आरोपी बुलेट पर सवार होकर तेज रफ्तार से निकले, तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोककर कहा कि आसपास बच्चे और महिलाएं घूम रहे हैं, इसलिए बाइक धीरे चलाएं.
इसी बात पर दोनों युवकों की वहां मौजूद लोगों से बहस हो गई. इसके बाद वे वहां से चले गए. करीब 15 से 20 मिनट बाद 6 से 7 युवक लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और लोगों पर हमला कर दिया. हमले में रवि गोटिंया, रागिनी गोटिंया, पप्पू वर्मा, अनुज कोल, पारस यादव, आदि गोटिंया, बिट्टू झारिया और मनीषा गोटिंया घायल हुए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. आजाद नगर में रहने वाले राजेश साहू ने बताया कि घटना वाले दिन वे काम से लौटे थे और भंडारे में प्रसाद खाने चले गए थे. इसी दौरान अचानक विवाद होने लगा. तभी किसी व्यक्ति ने उनके सिर पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे कान में चोट आई. राजेश का कहना था कि घायल हुए सभी लोग बेकसूर थे, क्योंकि वे आरोपियों को जानते तक नहीं थे. इसके बावजूद बदमाशों ने हमला कर दिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. पारस प्राइवेट जॉब करता था.
अधिकारी बोले, जांच के बाद होगी कार्रवाई
रांझी एसडीएम गगन सिंह ने बताया कि दो दिन पहले अचानक हुई घटना में कई लोग घायल हुए थे, जिनमें से देर रात एक युवक की मौत हो गई. हमलावरों को आदतन अपराधी बताया जा रहा है. परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया. समझाइश के बाद वे शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए. एसडीएम ने बताया कि नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम आरोपियों के घरों का नाप-जोख कर रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, समीर वंशकार का घर सरकारी नजूल जमीन पर बना है. इसकी जांच कराई जा रही है. यदि मकान शासकीय जमीन पर बना पाया गया, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

