रेलवे की योजना: स्टेशन जाने की झंझट खत्म, घर के दरवाजे तक डिलीवरी, बदलेगा पार्सल भेजने का तरीका

रेलवे की योजना: स्टेशन जाने की झंझट खत्म, घर के दरवाजे तक डिलीवरी, बदलेगा पार्सल भेजने का तरीका

प्रेषित समय :18:23:56 PM / Wed, Oct 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. भारतीय रेलवे जल्द ही आठ शहरों में डोर-टू-डोर (घर से घर तक) पार्सल सेवा शुरू करने जा रहा है. रेल पार्सल ऐप- घर से घर तक के जरिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे के ग्राहक रेलवे के माध्यम से भेजे जाने वाले पार्सल के लिए डोरस्टेप पिकअप और डिलीवरी बुक कर सकेंगे. यह पहल रेलवे द्वारा अपनी सेवाओं का दायरा बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है.

रिपोर्ट के अनुसार इस मॉडल के तहत, लॉजिस्टिक्स पार्टनर फर्स्ट-माइल पिकअप (शुरुआती पिकअप) और लास्ट-माइल डिलीवरी (अंतिम डिलीवरी) का काम संभालेंगे, जबकि रेलवे स्टेशनों के बीच पार्सल को पहुंचाने का काम करेगा. ये पार्टनर पैकेजिंग और अन्य अतिरिक्त सेवाएं भी दे सकते हैं.

डोर-टू-डोर पार्सल डिलीवरी सर्विस

एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि डोर-टू-डोर पार्सल डिलीवरी के लिए बुकिंग विंडो ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से 15 दिन पहले खुल जाएगी. कस्टमर ट्रेन छूटने से एक दिन पहले तक पार्सल बुक कर सकते हैं. लॉजिस्टिक्स पार्टनर ट्रेन छूटने से एक घंटे पहले तक रेलवे स्टाफ को पार्सल सौंप सकते हैं. यह मोबाइल ऐप एक डिजिटल मार्केटप्लेस की तरह काम करेगा, जो ग्राहकों को चुनिंदा लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर्स से जोड़ेगा. ग्राहक ऑनलाइन पार्सल बुक कर सकते हैं और भुगतान भी ऑनलाइन कर सकते हैं. इससे उन्हें पार्सल रेलवे स्टेशन तक ले जाने या पारंपरिक कागजी कार्रवाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

कैंसिलेशन पर 10 रुपए का चार्ज

अगर पार्सल पिकअप होने से पहले बुकिंग कैंसिल कर दी जाती है तो रेलवे क्लर्केज चार्ज (प्रशासनिक शुल्क) के रूप में 10 रुपए काटकर बाकी रेल भाड़ा वापस कर देगा. फर्स्ट-माइल पिकअप और लास्ट-माइल डिलीवरी के लिए रिफंड, संबंधित लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर की पॉलिसीज के अनुसार होगा. बुकिंग के समय इन शर्तों की जानकारी भी दे दी जाएगी. इससे पहले इस महीने, रेलवे बोर्ड ने दिवाली-क्रिसमस के त्योहारी सीजन को देखते हुए पार्सल कोचों के लिए राउंड-ट्रिप (आने-जाने की यात्रा) बुकिंग पर छूट की घोषणा की थी. इस दौरान कारोबारी छुट्टियों के लिए अपना स्टॉक जमा करते हैं. एक सर्कुलर के अनुसार, पार्सल एग्रीगेटर वन-वे (एक तरफ के) किराए के 1.5 गुना भुगतान पर राउंड-ट्रिप बुक कर सकते हैं. इस नए फॉर्मूले से कुल माल भाड़े में 25त्न की कमी आती है. हालांकि, यह छूट रेलवे की सभी पार्सल बुकिंग पर लागू नहीं होगी.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-