जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल हैक करके बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकाले जाने के चार बड़े मामले सामने आए हैं. पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित थानों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है. साइबर सेल की मदद से अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है.
रांझी, यूनियन बैंक खाता-
रांझी थाना अंतर्गत मड़ई मस्जिद के पीछे रहने वाली श्रीमती नेहा सिंह (34 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका यूनियन बैंक में खाता है. 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे उनके मोटो कंपनी के फोन की स्क्रीन अचानक अपने आप काली हो गई और उस पर इंस्टालिंग सिस्टम अपडेट लिखा आने लगा. मोबाइल चालू-बंद भी नहीं हो रहा था. उनके पति रवि सिंह फोन को मोबाइल दुकान पर ले गए, तब दुकानदार ने बताया कि फोन किसी ने हैक कर लिया है. अज्ञात ठग ने उनका मोबाइल हैक कर 22 अक्टूबर को ही उनके यूनियन बैंक खाते से 44,900 रुपये अवैध रूप से निकाल लिए.
गोहलपुर इंडियन बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक-
गोहलपुर के बेनी सिंह तलैया निवासी महबूब अहमद (47 वर्ष), जो ट्रक बनाने का काम करते हैं, उनके दो बैंक खाते इंडियन बैंक शाखा माढ़ोताल और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक जबलपुर से उनका मोबाइल नंबर लिंक है. 20 अक्टूबर 2026 की रात किसी अज्ञात शातिर ने उनका फोन हैक कर लिया. रात 9.26 बजे इंडियन बैंक खाते से तीन बार में कुल 42,000 रुपये और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से 7,700 रुपये काट लिए गए. इस तरह उनके खातों से कुल 49,700 रुपये की धोखाधड़ी की गई.
गोहलपुर,यूनियन बैंक ऑफ इंडिया-
अंबेडकर कॉलोनी निवासी अनुरूप तिवारी 52 वर्ष खेती-किसानी करते हैं. उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया विजयनगर शाखा में खाता है. अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर खाते से 98,888 रुपये और 42,400 रुपये ट्रांसफर कर लिए. कुल मिलाकर उनके साथ 1,41,288 रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया.
गोहलपुर, आईसीआईसीआई बैंक और फोनपे-
एक अन्य मामले में रामनगर संजीवनीनगर निवासी मोह. आबिद हसन (39 वर्ष), जो सब्जी का काम करते हैं और फोनपे का इस्तेमाल करते हैं. उनका आईसीआईसीआई बैंक शाखा अधारताल में खाता है. 18 अक्टूबर 2026 को अज्ञात शातिर ने उनका मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 6,39,229 रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए. यह इस श्रंखला का सबसे बड़ा वित्तीय नुकसान है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

