मुंबई. रियलिटी शो बिग बॉस 20 में स्काउट ओपी और लवप्रीत गिल की दोस्ती को लेकर विवाद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. नॉमिनेशन टास्क में लव गिल को नॉमिनेट करने के बाद स्काउट अब खुद उनसे बात करने पहुंचे. इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. हालांकि, स्काउट के इस कदम पर कुछ घरवालों और सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए हैं.
रोहित शेट्टी ने दोस्ती को लेकर दिया था रियलिटी चेक
इस वीकेंड का वार में सलमान खान की जगह रोहित शेट्टी ने शो की कमान संभाली. उन्होंने घरवालों से बातचीत के दौरान स्काउट ओपी और लवप्रीत गिल की दोस्ती पर भी सवाल उठाए और कहा कि बाहर से दोनों का रिश्ता अच्छा नजर नहीं आ रहा है.
इसी दौरान वीकेंड का वार के दूसरे दिन स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी घर में पहुंचीं. उन्होंने स्काउट को उनकी दोस्ती को लेकर खरी-खोटी सुनाई और लवप्रीत के साथ रिश्ता खत्म करने की सलाह दी. इसके बाद स्काउट ने करीब दो दिनों तक लव से बातचीत नहीं की.
लव से बोले- 'तू हमेशा मेरी बहन रहेगी'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्काउट ओपी, एक्सरसाइज कर रहीं लवप्रीत गिल से बातचीत करने की कोशिश करते नजर आते हैं. लव शुरुआत में उन्हें नजरअंदाज करती हैं. इसके बाद स्काउट उनके पास जाकर कहते हैं कि वह नहीं जानते कि लव उन्हें भाई मानती हैं या नहीं, लेकिन उनके लिए लव हमेशा उनकी बहन रहेंगी.
स्काउट आगे कहते हैं कि उन्हें जो कुछ कहा गया, वह गलत लगा था, इसलिए उन्होंने लव से दूरी बना ली. वह यह भी स्वीकार करते हैं कि उनकी इस दूरी से लव को दुख पहुंचा होगा. बातचीत के दौरान स्काउट लव से कहते हैं कि अगर वह उनकी बात समझती हैं तो बैठकर बात करें, नहीं तो जा सकती हैं. इस बीच लव हंसने लगती हैं.
उदिति और अरिश्फा ने उठाए सवाल
स्काउट और लव की बातचीत को देखकर घर की अन्य सदस्य उदिति और अरिश्फा भी इस पर चर्चा करती नजर आती हैं. दोनों का मानना है कि स्काउट को लव से बातचीत नहीं करनी चाहिए थी, क्योंकि उनकी गर्लफ्रेंड काश्वी पहले ही इस दोस्ती पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं.
वहीं, गुल्लू और माही भी इस मामले पर चर्चा करते हैं. गुल्लू का कहना है कि स्काउट को अपने पार्टनर की बात का ध्यान रखना चाहिए था. बातचीत के दौरान काजी कहते हैं कि उन्होंने स्काउट को बताया था कि लव से बात करने में कुछ गलत नहीं है. इस पर माही उनसे असहमति जताती हैं.
लव को नॉमिनेट करने पर भी हुआ था विवाद
वीकेंड का वार के बाद हुए नॉमिनेशन टास्क में स्काउट ओपी ने लवप्रीत गिल को नॉमिनेट कर दिया था. इस फैसले से लव काफी भावुक हो गई थीं और रोने लगी थीं. अब स्काउट को दोबारा उनके पास जाकर बात करते देख सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
कुछ यूजर्स स्काउट के व्यवहार की आलोचना करते हुए उन्हें 'नौटंकीबाज' और 'चालाक' कह रहे हैं. वहीं, घर के अंदर भी इस बातचीत को लेकर अलग-अलग राय देखने को मिल रही है. अब आने वाले एपिसोड में स्काउट और लव की दोस्ती किस दिशा में जाती है, यह देखना दिलचस्प होगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

