जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पनागर स्थित ग्राम ग्राम पडरिया में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सनसनी फैला दी. कथा में शामिल होने गए परिवार के पीछे से अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ा और संदूकों व ड्रमों के ताले-कुंदे उखाड़कर अलमारियों और बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में हड़कंप मच गया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पडरिया निवासी श्रीमती गीता बाई चौधरी उम्र 50 वर्ष सुबह करीब 11 बजे अपने रिश्तेदार भगवानदास चौधरी के घर ग्राम पौनिया में आयोजित कथा में शामिल होने गई थीं. घर पर ताला लगा हुआ था. उनका बेटा दीपक काम के सिलसिले में जबलपुर गया था और पति लकड़ी लेने जंगल गए थे. शाम करीब 4.30 बजे जब पति घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य कमरे का ताला टूटा हुआ देखा. अंदर जाकर देखने पर पेटी और तीन ड्रम खुले हुए थे. पति ने तुरंत गीता बाई को फोन पर इसकी सूचना दी. घबराकर घर पहुंची गीता बाई ने जब सामान की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए. चोर ड्रम के कुंदे उखाड़कर उसमें रखे सोने की 1 जोड़ी झुमकी, चांदी की 3 जोड़ी पायल और पेटी में रखे सोने के 3 लॉकेट व चांदी की 6 चूडिय़ाँ चुरा ले गए थे. पीडि़ता की शिकायत पर थाना पनागर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

