जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिहोरा में वार्ड नंबर 9, इमलहापुरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. मकान निर्माण का कार्य करने वाले 55 वर्षीय एक अनुभवी मिस्त्री की छत से नीचे गिरने के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई. इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पीडि़त परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया गया है कि राजेश पिता प्रेमचंद चौधरी उम्र 55 वर्ष निवासी इमलहापुरा पेशे से मकान निर्माण मिस्त्री थे. राजेश बीती शाम काम को खत्म कर घर लौटे थे. रात लगभग 9.30 बजे भोजन करने के लिए छत की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे संभल नहीं पाए, जिसके चलते वे सीधे छत से नीचे सड़क पर आ गिरे. गिरने की तेज आवाज सुनकर घर के परिजनों के साथ-साथ आसपास के मोहल्ले के लोग भी तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे. घटना के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया. राजेश के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी. परिजनों ने एक निजी एंबुलेंस की मदद से उन्हें तुरंत सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने भरती कर इलाज शुरु कर दिया. लेकिन आज सुबह राजेश की उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

