सीधी. एमपी के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार बस और कार के बीच में भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में कार सवार 1 महिला और 2 पुरुषों की मौत हो गई, वहीं 5 साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है. इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची.
चुरहट थाने से 4 किमी पहले भीषण सड़क हादसा हुआ. सीधी की ओर से रामपुर नैकिन की तरफ जा रही एक कार में 4 लोग सवार थे. वहीं एक निजी बस रीवा से सीधी की तरफ आ रही थी. इसी दौरान अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई.
कार में रो रही थी घायल बच्ची
कुआं गांव के निवासी प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा ने बताया, घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे. वहां पर 3 लोगों की मौत हो चुकी थी और एक बच्ची घायल अवस्था में रो रही थी. इसके बाद मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस की डायल 112 सेवा और एंबुलेंस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरु किया लेकिन कार सवार 1 महिला और 2 पुरुषों की मौत हो चुकी थी. घायल बच्ची को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया.
बच्ची ने बताया अपना नाम रानी तिवारी
घटना के बाद चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह ने बताया, हादसे में 3 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. मृतकों के नाम और पते की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. घायल बच्ची अपना नाम रानी तिवारी बता रही है. बच्ची की हालत गंभीर है, उसका उपचार किया जा रहा है. बस में कितने लोग सवार थे, इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है.

