एकता नगर (गुजरात). सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के एकता नगर को विकास परियोजनाओं की सौगात दी. शनिवार को उन्होंने 307.83 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इसके साथ ही 118.88 करोड़ रुपये की आठ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. इन सभी योजनाओं पर कुल 426.71 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
विकास परियोजनाओं की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की. उनकी जयंती को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस मौके पर एकता नगर में पर्यटन सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी योजनाओं का शुभारंभ किया गया.
होटल, क्रूज और रेन फॉरेस्ट जैसे नए आकर्षण
उद्घाटन की गई परियोजनाओं में पर्यटकों के लिए कई नए आकर्षण शामिल हैं. इनमें 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज, 14.30 करोड़ रुपये का रेन फॉरेस्ट आकर्षण और 3.67 करोड़ रुपये की लागत वाला इको-ट्रेल प्रमुख हैं.
इन सुविधाओं का उद्देश्य स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव देना और एकता नगर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में और विकसित करना है.
पानी, सड़क और परिवहन सुविधाओं पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया. इनमें 45.53 करोड़ रुपये का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 21.40 करोड़ रुपये का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 23.81 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परेड ट्रैक व उससे जुड़े कार्य शामिल हैं.
इसके अलावा 28.22 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैवलेटर, 23 करोड़ रुपये की 24 मीटर चौड़ी कॉलोनी सड़क और 14.25 करोड़ रुपये के स्टाफ क्वार्टर भी तैयार किए गए हैं. परिवहन सुविधा के लिए वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की गई हैं.
मोखाड़ी गांव के पास टर्मिनल बिल्डिंग और जेटी, विभिन्न स्थानों पर वाटर स्टेशन तथा एकता नगर रेलवे स्टेशन से विजिटर सेंटर तक वॉकवे का विस्तार भी इन योजनाओं का हिस्सा है. परिसर में फव्वारे, फसाड लाइटिंग, एकता प्रकाश पर्व हेरिटेज डिस्प्ले और अपग्रेड किया गया यूनिटी ग्लो गार्डन भी पर्यटकों के आकर्षण बढ़ाएंगे.
118 करोड़ की आठ नई परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने जिन आठ आगामी परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उनमें 59.32 करोड़ रुपये की गोरा-भानद्रा सड़क और 36.58 करोड़ रुपये की स्मार्ट जीरो वेस्ट इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सुविधा शामिल हैं.
इसके अलावा 7.72 करोड़ रुपये की लागत से खलवानी पुल, 5.79 करोड़ रुपये का कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन और 5.15 करोड़ रुपये की खलवानी इको-टूरिज्म परियोजना भी प्रस्तावित है. वाघडिया रोड का चौड़ीकरण और सरदार सरोवर बांध के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष का निर्माण भी आगामी योजनाओं में शामिल है.
विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में पहल
गुजरात सरकार की इन परियोजनाओं का मकसद एकता नगर और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करना है. नई परियोजनाओं के जरिए पर्यटकों को बेहतर आवागमन, स्वच्छता, पेयजल और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करने की योजना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

