ग्वालियर में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: पिछोर में 128 किलो पनीर जब्त, गिरवाई में 12.28 लाख का मावा पकड़ा

ग्वालियर में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: पिछोर में 128 किलो पनीर जब्त, गिरवाई में 12.28 लाख का मावा पकड़ा

प्रेषित समय :18:37:35 PM / Sat, Oct 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्वालियर जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. डबरा के पिछोर में एक मकान से 128 किलो पनीर और 10 लीटर पाम ऑयल बरामद किया गया. वहीं, गिरवाई थाना क्षेत्र में भोपाल ले जाई जा रही मावा की बड़ी खेप पकड़ी गई. जब्त मावे की अनुमानित कीमत 12 लाख 28 हजार रुपये बताई गई है.

पिछोर में मकान से मिला पनीर और पाम ऑयल

खाद्य सुरक्षा विभाग को डबरा क्षेत्र की नगर परिषद पिछोर के वीरमढना रोड स्थित राकेश बघेल के मकान में बड़ी मात्रा में पनीर और पाम ऑयल रखे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गिरीश राजौरिया, सतीश कुमार शर्मा और गोविंद कुमार सरगैंया की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की.

कार्रवाई के दौरान मकान से 128 किलो पनीर और 10 लीटर पाम ऑयल मिला. अधिकारियों ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए और पनीर को फ्रिज में रखवाकर सील कर दिया. विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके के दूध और पनीर कारोबारियों में भी हलचल देखी गई.

गिरवाई में दो वाहनों से पकड़ा सवा चार क्विंटल मावा

दूसरी कार्रवाई ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र में की गई. विभाग को सूचना मिली थी कि दो वाहनों के जरिए मावा भोपाल भेजा जा रहा है. इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गुरुवार रात करीब 12:30 बजे दोनों वाहनों को रोककर जांच की.

वाहनों की पहचान एमपी 07 जेडजी 8802 और एमपी 07 जेड 2846 के रूप में हुई. वाहन चालकों मुकेश चौरसिया और शब्दप्रताप यादव ने अधिकारियों को बताया कि मावा मोर बाजार से भोपाल ले जाया जा रहा था. उन्होंने मावे का मालिक सुरेश कन्नौजिया बताया.

12.28 लाख रुपये आंकी गई मावे की कीमत

सूचना मिलने पर मावा मालिक भी मौके पर पहुंचा. दोनों वाहनों में कुल सवा चार क्विंटल मावा होने की जानकारी दी गई. खाद्य सुरक्षा अधिकारी लखनलाल कोरी और आनंद प्रकाश शर्मा ने मावे के चार नमूने एकत्र किए. इसके बाद पूरी खेप को नियमानुसार जब्त कर लिया गया.

दूसरे शहरों तक पहुंच रही मावे की खेप

ग्वालियर में खाद्य पदार्थों की जांच और जब्ती की कार्रवाई के बावजूद दूसरे जिलों से मावा यहां पहुंचने और फिर भोपाल समेत अन्य शहरों में भेजे जाने का सिलसिला सामने आ रहा है. ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर मावा के परिवहन और कारोबार की निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं. अब खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट से उनकी गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-