जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 9वीं राज्य स्तरीय रैली का रविवार, 1 नवंबर को भोपाल के हबीबगंज रेलवे कॉलोनी स्थित रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड में शुभारंभ हुआ. मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने ध्वजारोहण और समारोह परेड के बीच रैली का उद्घाटन किया. इस अवसर पर प्रतिभागियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा.
1 से 5 नवंबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय रैली में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के साथ भोपाल, जबलपुर और कोटा मंडलों के करीब 400 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स और यूनिट लीडर्स हिस्सा ले रहे हैं.
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पंकज त्यागी और महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. स्काउट्स एवं गाइड्स ने प्रार्थना, ध्वजारोहण और ध्वज गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद विभिन्न मंडलों के प्रतिभागियों ने सेरेमोनियल मार्च पास्ट और बैंड डिस्प्ले के जरिए अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक भावना का प्रदर्शन किया.
मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को संबोधित किया. इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों ने अपनी कला और सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की. अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया.
रैली के दौरान विभिन्न गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनके माध्यम से प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, टीम भावना, रचनात्मकता और सामाजिक सेवा के प्रति समर्पण विकसित करने पर जोर दिया जाएगा.
रैली का प्रमुख आकर्षण 4 नवंबर को आयोजित होने वाला ग्रैंड कैंपफायर और समापन समारोह होगा. इसमें पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. यह आयोजन युवाओं को व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रप्रेम, मानवीय मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति प्रेरित करने का मंच प्रदान कर रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

