ग्वालियर में साइबर ठगों का नया तरीका, रिटर्न रिक्वेस्ट डालते ही खाते से गायब हुए 98 हजार

ग्वालियर में साइबर ठगों का नया तरीका, रिटर्न रिक्वेस्ट डालते ही खाते से गायब हुए 98 हजार

प्रेषित समय :18:12:10 PM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच साइबर ठग अब रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया को भी ठगी का जरिया बना रहे हैं. मध्यप्रदेश के ग्वालियर में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां खरीदे गए कपड़ों का साइज बदलवाने और रिटर्न कराने की कोशिश एक बुजुर्ग को भारी पड़ गई. ठगों ने रिटर्न प्रक्रिया समझाने के बहाने उनके बैंक खाते से 98 हजार 589 रुपये निकाल लिए. इसके अलावा एक व्यापारी के क्रेडिट कार्ड से भी 1.33 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है.

दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कपड़े लौटाने के लिए किया था रिटर्न रिक्वेस्ट

पहला मामला गौतम नगर निवासी 64 वर्षीय रामशंकर त्यागी से जुड़ा है. उन्होंने 17 अक्टूबर को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कपड़े खरीदे थे. सामान मिलने पर उन्हें कपड़ों का साइज सही नहीं लगा, जिसके बाद उन्होंने रिटर्न की रिक्वेस्ट दर्ज की.

बताया गया है कि इसके बाद उनके पास एक फोन कॉल आया. कॉल करने वाले ने दो कपड़ों के लिए अलग-अलग रिटर्न रिक्वेस्ट डालने को कहा. प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर रामशंकर ने कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की.

डिलीवरी बॉय बनकर आया कॉल, खाते से निकल गए 98 हजार

इसी दौरान एक व्यक्ति ने डिलीवरी बॉय के रूप में फोन कर रिटर्न की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया. उसने बुजुर्ग को कुछ निर्देशों का पालन करने के लिए कहा. आरोप है कि इन निर्देशों के बाद कुछ ही समय में उनके बैंक खाते से 98 हजार 589 रुपये निकल गए.

खाते से रकम गायब होने का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

व्यापारी के क्रेडिट कार्ड से भी निकाले 1.33 लाख रुपये

साइबर ठगी का दूसरा मामला सिरोल थाना क्षेत्र का है. सनवैली निवासी व्यापारी सिमरनजीत सिंह के आरबीएल बैंक क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 33 हजार 173 रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया गया.

व्यापारी के मुताबिक, यह घटना 23 अक्टूबर की है. उन्होंने किसी को भी अपना ओटीपी साझा नहीं किया था, इसके बावजूद उनके क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली गई. शिकायत मिलने के बाद सिरोल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है.

पुलिस कर रही रकम वापस कराने का प्रयास

दोनों मामलों में साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस संदिग्ध लेनदेन और आरोपियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है. साथ ही ठगी गई रकम वापस दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-