नई दिल्ली. दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे यार्ड में 1,286 किलो से अधिक मांस मिलने से हड़कंप मच गया. रेलवे विजिलेंस यूनिट से मिली सूचना के बाद रविवार, 8 नवंबर की सुबह जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची. कार्गो में कथित तौर पर बीफ होने की आशंका जताई गई है. हालांकि, मांस की वास्तविक पहचान की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हैदराबाद से दिल्ली पहुंची दक्षिण एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12721) के जरिए न्यू वाशिंग लाइन (NZM) पर मांस के 20 थर्माकोल कार्टन उतारे गए थे. इनका कुल वजन करीब 1,286.35 किलोग्राम बताया गया है. रेलवे पार्सल की बुकिंग में सामग्री को 'मटन' और 'मीट' के नाम से दर्ज किया गया था.
रेलवे विजिलेंस यूनिट, बड़ौदा हाउस से 8 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि हजरत निजामुद्दीन रेलवे यार्ड में ट्रेन से पहुंचे कार्गो में कथित बीफ होने की आशंका है. सूचना पर जांच अधिकारी और एसएचओ मौके पर पहुंचे. इसके बाद एफएसएल टीम और पशु चिकित्सकों को मांस के नमूने लेने के लिए बुलाया गया.
रेलवे पुलिस डीसीपी के अनुसार, नमूने एकत्र करने के साथ ई-साक्ष्य और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं. जांच और सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

