मुंबई. महाराष्ट्र के पालघर जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे लगी आग से सिग्नलिंग केबल और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए. इसके चलते पश्चिम रेलवे के मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क पर सोमवार सुबह लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं, जिससे कामकाजी दिन पर स्टेशनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
रात 11:20 बजे लगी आग
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, रविवार रात करीब 11:20 बजे दो रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक किनारे झाड़ियों और कचरे में आग लग गई. दमकल और रेलवे की टीमों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सिग्नलिंग केबल और उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके थे.
सुरक्षा के तहत धीमी गति से निकाली जा रहीं ट्रेनें
आग से संबंधित सेक्शन के कई ट्रैक सर्किट ने काम करना बंद कर दिया. सुरक्षा नियमों के तहत मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को कॉशन सिग्नल और विशेष सतर्कता के साथ निकाला जा रहा है. इसके कारण लोकल के साथ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित हुईं.
मरम्मत में जुटी रेलवे की टीमें
सोमवार सुबह लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं. इसके चलते पालघर, विरार, बोरीवली और अंधेरी सहित कई स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ रही. रेलवे की तकनीकी टीमें रात से ही क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत और नई केबल बिछाने में जुटी हैं. रेलवे प्रशासन के अनुसार, सिग्नलिंग सिस्टम बहाल करने का काम जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

