रांझी में सजीं गायें और भैंसें, गले में गड़ा-मालाएं और पैरों में घुंघरू बांधकर किया गोवर्धन पूजन

रांझी में सजीं गायें और भैंसें, गले में गड़ा-मालाएं और पैरों में घुंघरू बांधकर किया गोवर्धन पूजन

प्रेषित समय :20:00:48 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजन की परंपरा के बीच पशुधन के प्रति प्रेम और सम्मान की अनूठी झलक देखने को मिली. जबलपुर के रांझी क्षेत्र में सोमवार शाम गायों, बैलों और भैंसों को दुल्हन की तरह सजाया गया. लोगों ने पशुओं को नहलाकर उनके शरीर पर आकर्षक सजावट की और उनके साथ समय बिताते हुए पारंपरिक तरीके से पूजन किया.

गड़ा माला और घुंघरुओं से सजे पशु

इस अवसर पर पशुओं के गले में गड़ा नामक विशेष माला पहनाई गई. इसमें छोटी-छोटी घंटियां और रंग-बिरंगे कांच के नग लगे हुए थे. इसके अलावा पैरों में घुंघरू, सींगों पर सजावटी मालाएं और गले में आकर्षक आभूषण बांधे गए. सजे-धजे पशुओं की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया.

परंपरा में दिखा पशुधन के प्रति सम्मान

स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपावली के अवसर पर वे हर साल अपने पशुओं को विशेष रूप से सजाते हैं. गाय, बैल और भैंस को नहलाने-धुलाने के बाद पारंपरिक आभूषणों से सजाया जाता है और उनका पूजन किया जाता है. ग्रामीण संस्कृति में पशुओं को सुख-समृद्धि और आजीविका का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है. यही वजह है कि आधुनिकता के दौर में भी यह परंपरा जीवंत बनी हुई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-