दीवाली की रात जुआं खेलने से मना करने पर युवक पर जानलेवा हमला

दीवाली की रात जुआं खेलने से मना करने पर युवक पर जानलेवा हमला

प्रेषित समय :19:34:53 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. दीवाली के पावन पर्व की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब रांझी के अंतर्गत इंदिरा नगर में जुए के एक अड्डे पर मामूली सी बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. जुआ खेलने से साफ इनकार करने पर कुछ मनचले और दबंग किस्म के जुआरियों ने एक युवक को मौत के घाट उतारने की नीयत से सरेआम लहूलुहान कर दिया. इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी दहशत का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना दीवाली की रात करीब 1 बजे सौरभ विश्वकर्मा निवासी काली मंदिर के पास इंदिरा नगर बम-पटाखे फोडऩे के बाद अपने घर वापस लौट रहा था. जैसे ही वह धोबीघाट मैदान के पास पहुंचा, वहां पियूष समुद्रे, आयुष पण्डा, किस्सू और उनके कुछ अन्य साथी जुआ खेल रहे थे. इन लोगों ने सौरभ को भी अपने पास बुलाया और जुए में शामिल होने का दबाव बनाया. जब सौरभ ने जुआ खेलने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों गालियां देना शुरू कर दिया.

सौरभ ने जब विरोध किया, तो आयुष पण्डा और किस्सू ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. इसी बीच मुख्य आरोपी पियूष ने धारदार हथियार से सौरभ के माथे पर घातक हमला कर दिया. हमले से सौरभ खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घायल सौरभ को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी शासकीय अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं (धारा 296, 118(1), 351(2), 3(5)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल, पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-