कोतवाली में बदमाशों ने बरपाया कहर, 4 युवकों पर तलवार से किया ताबड़तोड़ हमला, इलाके में दहशत

कोतवाली में बदमाशों ने बरपाया कहर, 4 युवकों पर तलवार से किया ताबड़तोड़ हमला, इलाके में दहशत

प्रेषित समय :20:09:05 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में कोतवाली क्षेत्र स्थित तमरहाई चौक और नट बाबा की गली में देर रात बदमाशों ने जमकर खूनी खेल खेला. शराब पीने के लिए पैसे न देने पर आदतन अपराधियों ने चार युवकों पर तलवारों से प्राणघातक हमला कर दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हर्षित अग्रवाल अपने दोस्त मनीष सोनी, अमन सेन और राहुल सोनी के साथ नट बाबा की गली के पास खड़े होकर बातचीत कर रहा था. इस दौरान वहां शराब के नशे में धुत आदतन बदमाश पप्पू कंजा उर्फ बालकिशन जैन, आशु उर्फ आलूबंडा, मुकेश जैन और उनका एक अन्य साथी पहुंचे. पप्पू कंजा और उसके साथियों ने रंगदारी दिखाते हुए युवकों से शराब पीने के लिए पैसों की अड़ीबाजी शुरू कर दी. जब हर्षित और उसके दोस्तों ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और हमलावर हो गए. विवाद बढ़ते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से अचानक तलवारें निकाल लीं और चारों युवकों पर टूट पड़े.

हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किया, हमले में अमन सेन, राहुल सोनी, मनीष सोनी व हर्षित अग्रवाल के शरीर पर गंभीर चोटें आई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे, जिसे देखकर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर चारों की हालत देखते हुए भरती कर लिया गया है. कोतवाली पुलिस ने पप्पू कंजा, आशु, मुकेश जैन और उनके साथी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-