नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे और सीआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी के संबोधन पर सवाल उठाते हुए उन्हें एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के बयानों पर जवानों को भरोसा नहीं है. उन्होंने सवाल किया कि आखिर देशद्रोही कौन है और इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को बहस करनी चाहिए.
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर लगाए आरोप
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि जवान प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं करते. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्षी नेताओं को नक्सली कहा था. इसी बयान को लेकर राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि देशद्रोही कौन है? उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी.
बस्तर में पीएम मोदी ने नक्सलवाद पर क्या कहा था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में सीआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाई थी. इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने देश में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई और इसके खात्मे की दिशा में हुई प्रगति का जिक्र किया.
पीएम मोदी ने कहा था कि हथियारबंद माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद नक्सलवाद का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया था कि विचारधारा के स्तर पर नक्सलवाद अब भी कई राजनीतिक दलों और संगठनों में मौजूद है. प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों को 'दिमागी नक्सली' बताते हुए कहा था कि वे संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं.
पहले भी कई बार पीएम मोदी को दे चुके हैं चुनौती
राहुल गांधी इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दे चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने कई मुद्दों पर प्रधानमंत्री से चर्चा करने की बात कही थी. राफेल सौदे को लेकर भी राहुल गांधी ने 2018 में पीएम मोदी पर सवाल उठाए थे और दावा किया था कि वे उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाएंगे.
लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे बार-बार एक ही स्क्रिप्ट दोहरा रहे हैं. अब बस्तर में प्रधानमंत्री के बयान के बाद राहुल गांधी की नई चुनौती ने राजनीतिक बहस को फिर तेज कर दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

