रेलवे में कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 16 नवंबर से मिलेगी सुविधा

रेलवे में कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 16 नवंबर से मिलेगी सुविधा

प्रेषित समय :15:07:10 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. रेल यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने जा रहा है. अब यात्रियों को रेलवे स्टेशन पहुंचने पर कुली तलाशने या बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. यात्री घर बैठे ही ऑनलाइन कुली और व्हीलचेयर की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे.

इस सुविधा की शुरुआत 16 नवंबर 2026 से अजमेर रेल मंडल में की जाएगी. यात्री मोबाइल एप और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इन सेवाओं के लिए बुकिंग कर सकेंगे. शुरुआती चरण में व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा. इसके सफल रहने पर इसे देश के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी लागू करने की योजना है.

पीएनआर नंबर से होगी व्हीलचेयर की बुकिंग

ई-व्हीलचेयर सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अपना 10 अंकों का पीएनआर नंबर दर्ज करना होगा. इसके लिए रेलवे की वेबसाइट irctctourism.com पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग की जा सकेगी.

वेबसाइट पर 'More' या 'Services' विकल्प में जाकर 'At Stations' सेक्शन के तहत 'E-Wheelchair' का चयन करना होगा. इसके बाद पीएनआर नंबर दर्ज कर सर्च करने पर ट्रेन और यात्रा से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी.

यात्री अपनी जरूरत के अनुसार बोर्डिंग या गंतव्य स्टेशन के लिए व्हीलचेयर बुक कर सकेंगे. आवश्यक जानकारी भरने के बाद 'Book' विकल्प पर क्लिक करना होगा. बुकिंग पूरी होने पर मिलने वाले वाउचर या कन्फर्मेशन संदेश को मोबाइल अथवा ईमेल में सुरक्षित रखना होगा.

मोबाइल एप से पहले बुक कर सकेंगे कुली

रेलवे की नई व्यवस्था में कुली की बुकिंग के लिए भी मोबाइल एप की सुविधा दी जाएगी. यात्री अपने ट्रेन टिकट के पीएनआर नंबर के आधार पर कुली की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे.

इससे कुली को यात्री की ट्रेन के आगमन और प्रस्थान का समय पहले ही पता चल सकेगा. यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद कुली तलाशने और किराये को लेकर मोलभाव करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.

बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगी राहत

इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ बुजुर्गों, दिव्यांगों और शारीरिक रूप से असमर्थ यात्रियों को मिल सकता है. उन्हें स्टेशन पर व्हीलचेयर की उपलब्धता के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा. वहीं, परिवार के साथ यात्रा करने वाले और अधिक सामान लेकर चलने वाले यात्रियों के लिए भी कुली की अग्रिम बुकिंग सुविधाजनक होगी. रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन पर जरूरी सहायता समय पर उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को अधिक सुगम बनाना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-