जबलपुर. एमपी के जबलपुर में दीपावली का जश्र मनाने के लिए रुपए न देने पर दो युवकों पर बदमाशों ने चाकू व लोहे के पाइप से हमला कर दिया. हमले में दोनों युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया है.
पुलिस के अनुसार मझगवां के भनपुरा गांव में जियोमिन माइंस में कार्यरत रामदास यादव दोपहर 12.30 बजे गांव के खेल मैदान में दोस्तों संग बैठकर त्यौहार की चर्चा कर रहे थे. तभी पुराना उधारदार मोनू उर्फ नितिन कोल वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगने लगा. रामदास ने जब मना किया, तो आरोपी गालियां देता हुआ घर गया और साइकिल के फ्रीव्हील लगे लोहे के पाइप के साथ लौटा. आरोपी ने पीछे से रामदास की गर्दन पर लोहे के पाइप से जोरदार हमला कर दिया. रामदास लहूलुहान होकर मैदान में गिर पड़ा. मौके पर मौजूद दोस्तों ने तुरंत सिहोरा अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 119(1), 296(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.
बरगी क्षेत्र में घटना-
बताया गया है कि आशीष पुरी गोस्वामी पुरानी कलारी के पास दोस्तों संग खड़ा बातचीत कर रहा था, इस दौरान ताराचंद खरे उर्फ कंजा शराब के नशे में धुत होकर आया और जबरन पार्टी के लिए पैसों की डिमांड करने लगा. पैसे देने से इंकार पर ताराचंद आपा खो बैठा. उसने सरेआम आशीष को गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ पीटना शुरू कर दिया. इस हमले में आशीष के गले, पीठ, गाल और हाथ में गंभीर चोटें आईं. शराबी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला. पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

