राजेश कुमार सिन्हा
भारत की सांस्कृतिक परंपरा में कुछ पर्व ऐसे हैं, जिनकी पहचान केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि वे समाज की सामूहिक चेतना, सांस्कृतिक स्मृतियों और जीवन-दर्शन का हिस्सा बन जाते हैं. छठ पूजा ऐसा ही एक पर्व है जो मूलतः सूर्य की आराधना का उत्सव है, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संस्कार है और लोकजीवन की उस जीवंत परंपरा का प्रतीक है, जिसमें परिवार, समाज, संस्कृति और आध्यात्मिकता एक-दूसरे से गहरे जुड़े हुए हैं. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की मिट्टी से निकला यह लोकपर्व आज भारतीय सांस्कृतिक पहचान का एक व्यापक प्रतीक बन चुका है. इसकी गूंज अब केवल गांवों और कस्बों तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, बेंगलुरु और देश के दूसरे महानगरों से होती हुई विदेशों तक पहुंच गई है.छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें प्रकृति ही मंदिर है और सूर्य ही आराध्य. किसी भव्य मंदिर, मूर्ति या विशेष धार्मिक प्रतिष्ठान की अनिवार्यता नहीं है. नदी, तालाब, पोखर अथवा किसी जलाशय का किनारा या घर पर ही की गई ऐसी व्यवस्था ही पूजा स्थल में तब्दील हो जाती है. आकाश में उदित और अस्त होता सूर्य इस महापर्व का केंद्र होता है. जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते श्रद्धालुओं का दृश्य भारतीय लोकसंस्कृति की सबसे सुंदर तस्वीरों में से एक है. यह दृश्य केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन नहीं करता, बल्कि मनुष्य और प्रकृति के बीच उस आदिम संबंध की याद भी दिलाता है, जिसे आधुनिक जीवन की आपाधापी में हम कहीं पीछे छोड़ते जा रहे हैं.
सूर्य भारतीय सभ्यता में सदियों से जीवन, ऊर्जा और चेतना के प्रतीक रहे हैं. वैदिक साहित्य में सूर्य की उपासना के अनेक मंत्र मिलते हैं. ऋग्वेद में सूर्य को जगत का प्रकाशदाता और जीवन का आधार माना गया है. भारतीय चिंतन में सूर्य केवल आकाश में चमकने वाला एक खगोलीय पिंड नहीं, बल्कि सृष्टि की जीवनदायिनी शक्ति के प्रतीक हैं. पृथ्वी पर जीवन की निरंतरता सूर्य की ऊर्जा पर निर्भर है. वनस्पतियों का विकास, कृषि उत्पादन, जलचक्र और जीव-जगत का अस्तित्व सूर्य के बिना संभव नहीं. ऐसे में छठ पूजा को सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक प्राचीन लोकपरंपरा के रूप में भी देखा जाना चाहिए.
छठ पूजा की उत्पत्ति के संबंध में अनेक पौराणिक और लोकमान्यताएं प्रचलित हैं. महाभारत की कथा में कुंती और कर्ण का सूर्य से संबंध उल्लेखनीय है. कर्ण को सूर्यपुत्र कहा जाता है और लोकविश्वास है कि वे प्रतिदिन सूर्य की उपासना करते थे. द्रौपदी द्वारा भी कठिन परिस्थितियों में सूर्य की आराधना किए जाने का उल्लेख मिलता है. दूसरी ओर छठी मैया को संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है. लोकमान्यता के अनुसार छठी मैया सूर्यदेव की बहन हैं. इन कथाओं और मान्यताओं के अलग-अलग धार्मिक संदर्भ हो सकते हैं, लेकिन इनका मूल भाव जीवन, स्वास्थ्य, संतान और परिवार की मंगलकामना से जुड़ा हुआ है. यही कारण है कि छठ पूजा में व्यक्तिगत मनोकामना के साथ-साथ परिवार और समाज के कल्याण की भावना भी प्रमुखता से दिखाई देती है. इसमें कोई दो राय नहीं कि इस पर्व का स्वरूप जितना आध्यात्मिक है, उतना ही अनुशासित भी. चार दिनों तक चलने वाला यह अनुष्ठान शारीरिक संयम, मानसिक दृढ़ता और आत्मिक समर्पण की कठिन परीक्षा है. "नहाय-खाय" से इसकी शुरुआत होती है. घरों की सफाई, स्नान और सात्त्विक भोजन के साथ व्रती स्वयं को पूजा के लिए तैयार करते हैं. इसके अगले दिन "खरना" होता है, जिसमें दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है. खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ होता है. तीसरे दिन "अस्त होते सूर्य" को अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन "उगते सूर्य" की पहली किरण के साथ व्रत का समापन होता है. इस पूरी प्रक्रिया में शुद्धता, स्वच्छता और अनुशासन का विशेष महत्व है.छठ पूजा के दौरान तैयार होने वाला प्रसाद भी इस पर्व की सांस्कृतिक विशिष्टता का परिचायक है. इस पर्व का सबसे प्रसिद्ध प्रसाद होता है "ठेकुआ" जिसे कई क्षेत्रों में टिकरी भी कहा जाता है. गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार होने वाला ठेकुआ केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा का हिस्सा है. इसके अलावा केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और अन्य कृषि उत्पाद पूजा की सामग्री में शामिल होते हैं. बाँस के बने सूप और दउरा का उपयोग इस पर्व को ग्रामीण हस्तशिल्प और स्थानीय अर्थव्यवस्था से भी जोड़ता है. पूजा की सामग्री जुटाने से लेकर प्रसाद बनाने तक परिवार के सभी सदस्य अपनी-अपनी भूमिका निभाते हैं. घर का वातावरण कई दिनों पहले से ही एक अलग प्रकार की पवित्रता और उत्साह से भर जाता है.
छठ पूजा का सबसे गहरा दार्शनिक पक्ष अस्त होते और उगते दोनों सूर्य की उपासना में दिखाई देता है. सामान्यतः मनुष्य की प्रवृत्ति उगते सूर्य को प्रणाम करने की होती है. सफलता, प्रतिष्ठा और शक्ति के शिखर पर पहुंचे व्यक्ति के साथ समाज खड़ा दिखाई देता है, लेकिन जब वही व्यक्ति अपने जीवन के अवसान अथवा कठिन दौर से गुजरता है, तब अक्सर लोग उससे दूरी बना लेते हैं. छठ पूजा इस मानवीय प्रवृत्ति के विपरीत एक अद्भुत जीवन-दर्शन प्रस्तुत करती है. यहां डूबते सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा और सम्मान के साथ अर्घ्य दिया जाता है, जितना उगते सूर्य को. यह परंपरा बताती है कि जीवन में केवल उत्कर्ष का ही महत्व नहीं है, अवसान भी जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया है. जो समाज उगते सूर्य का अभिनंदन करता है, उसे डूबते सूर्य के प्रति भी कृतज्ञ होना चाहिए और यह संदेश आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो जाता है. हमारी सामाजिक और व्यावसायिक व्यवस्था में सफलता को अक्सर व्यक्ति की योग्यता का एकमात्र प्रमाण मान लिया गया है. असफलता, वृद्धावस्था और कमजोर पड़ती आर्थिक या सामाजिक स्थिति के प्रति समाज का व्यवहार कई बार संवेदनहीन हो जाता है. छठ पूजा की परंपरा इस सोच को चुनौती देती है. यह हमें सिखाती है कि सम्मान परिस्थितियों का नहीं, जीवन और व्यक्ति का होना चाहिए. अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा में मानवीय संबंधों और सामाजिक व्यवहार की एक बड़ी सीख छिपी हुई है.
इस पर्व का एक अन्य महत्वपूर्ण पक्ष प्रकृति और पर्यावरण से उसका गहरा संबंध है. सूर्य, जल, पृथ्वी और वनस्पति के प्रति श्रद्धा इस पूजा के मूल में है. इसमें इस्तेमाल होने वाली अधिकांश सामग्री प्राकृतिक और स्थानीय होती है. यह परंपरा हमें बताती है कि प्रकृति हमारी उपभोग की वस्तु मात्र नहीं, बल्कि जीवन की आधारशिला है. लेकिन यहां एक विडंबना भी दिखाई देती है. जिस पर्व में नदियों और तालाबों की स्वच्छता का इतना महत्व है, उसी के अवसर पर कई स्थानों पर जलस्रोतों में प्लास्टिक, कचरा और पूजा सामग्री का अनुचित विसर्जन देखने को मिलता है. आस्था की वास्तविक परीक्षा केवल पूजा करने में नहीं, बल्कि उन प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने में भी है, जिन्हें हम पवित्र मानते हैं. यदि छठ को प्रकृति का महापर्व कहा जाता है, तो जल संरक्षण और जलाशयों की स्वच्छता को इसकी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करना होगा.छठ पूजा की आत्मा उसके लोकगीतों में भी बसती है. इन गीतों में न केवल सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना है, बल्कि मां की ममता, बेटी का स्नेह, भाई-बहन का संबंध, परिवार की खुशहाली और जीवन की छोटी-बड़ी आकांक्षाएं भी अभिव्यक्त होती हैं. पारंपरिक छठ गीतों की भाषा में एक सहज आत्मीयता और भावनात्मक गहराई है. इनमें गांव की मिट्टी की गंध है, खेतों की हरियाली है, नदी के किनारे का सौंदर्य है और परिवार के एक साथ होने की खुशी है. इन गीतों को सुनते हुए ऐसा लगता है मानो पूरा समाज अपनी सांस्कृतिक स्मृतियों को फिर से जी रहा हो. लोकगीतों के माध्यम से एक पीढ़ी दूसरी पीढ़ी को अपनी परंपराएं सौंपती है. यही कारण है कि आधुनिक संगीत और मनोरंजन के अनेक माध्यमों के विस्तार के बावजूद पारंपरिक छठ गीतों का आकर्षण कम नहीं हुआ है.इस पर्व में महिलाओं की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है. परंपरागत रूप से बड़ी संख्या में महिलाएं छठ का व्रत करती हैं, हालांकि पुरुष भी पूरी श्रद्धा के साथ इसमें सहभागी होते हैं. व्रती महिलाओं का संकल्प, उनकी साधना और कठिन परिस्थितियों में भी व्रत के प्रति उनका समर्पण समाज में विशेष सम्मान का विषय है. छठ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि स्त्री की आंतरिक शक्ति और संकल्प का भी उत्सव है. हालांकि इस परंपरा को केवल महिलाओं की जिम्मेदारी मान लेना उचित नहीं होगा. परिवार के सभी सदस्यों की सहभागिता और सहयोग ही इस पर्व को सामूहिकता का वास्तविक स्वरूप प्रदान करते हैं.छठ पूजा की सामाजिक शक्ति का सबसे बड़ा प्रमाण महानगरों में इसका बढ़ता विस्तार है. बिहार और पूर्वांचल के लाखों लोग रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में अपने गांवों से दूर देश के विभिन्न शहरों में बसे हैं. उनके लिए छठ पूजा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर है. मुंबई जैसे महानगर में इसका विस्तार विशेष रूप से उल्लेखनीय है. समुद्र तटों, तालाबों, कृत्रिम जलाशयों और निर्धारित घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं. सामाजिक संस्थाएं, स्थानीय संगठन और प्रशासन मिलकर व्यवस्थाएं करते हैं. इस आयोजन में केवल बिहार और पूर्वांचल के लोग ही नहीं, बल्कि विभिन्न भाषाई और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के लोग भी सहभागी बनते हैं. इस तरह छठ पूजा क्षेत्रीय पहचान से आगे बढ़कर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संवाद का माध्यम बन रही है.
प्रवासी भारतीयों ने भी इस पर्व को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. मॉरीशस, नेपाल, अमेरिका, ब्रिटेन,कनाडा,और अन्य देशों में भारतीय समुदाय छठ पूजा का आयोजन करता है. विदेशों में रहने वाली नई पीढ़ी के लिए यह अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उससे जुड़ने का अवसर है. जिन बच्चों का जन्म भारत से बाहर हुआ है, वे भी जब अपने माता-पिता और परिवार के साथ घाट पर खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं, तो उनके भीतर अपनी सांस्कृतिक पहचान का एक नया बोध विकसित होता है. इस अर्थ में छठ पूजा केवल वर्तमान पीढ़ी का उत्सव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक निरंतरता का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है. यह सच है कि बदलते समय के साथ छठ पूजा के स्वरूप में भी परिवर्तन आया है. सोशल मीडिया ने भी इसके आयोजनों को अच्छी खासी पब्लिसिटी दी है. घाटों की सजावट, रोशनी, सामूहिक आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने इसकी सार्वजनिक उपस्थिति को बढ़ाया है. लेकिन इस विस्तार के साथ एक सावधानी भी जरूरी है. कहीं ऐसा न हो कि आस्था का यह सहज और सादगीपूर्ण पर्व दिखावे और प्रतिस्पर्धा का माध्यम बन जाए. छठ की असली शक्ति उसकी भव्यता में नहीं, बल्कि उसके अनुशासन, शुद्धता, सामूहिकता और आत्मिक समर्पण में है. इसकी परंपरा को सुरक्षित रखने का अर्थ केवल अनुष्ठानों को दोहराना नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे जीवन-मूल्यों को भी आत्मसात करना है.आज दुनिया जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण प्रदूषण, सामाजिक असमानता और मानसिक तनाव जैसी अनेक चुनौतियों से गुजर रही है. मनुष्य ने विकास की दौड़ में प्रकृति पर अपनी निर्भरता को भले ही भुला दिया हो, लेकिन उसका अस्तित्व आज भी उसी प्रकृति पर टिका है. ऐसे समय में छठ पूजा का संदेश केवल धार्मिक समुदाय या किसी विशेष क्षेत्र तक सीमित नहीं रह जाता. यह समूची मानवता को प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होने, जलस्रोतों की रक्षा करने, परिवार और समाज के साथ संबंध मजबूत बनाने तथा जीवन के प्रत्येक चरण का सम्मान करने की प्रेरणा देता है.वास्तव में छठ पूजा सूर्य की आराधना से आगे बढ़कर जीवन की आराधना का पर्व है. यह हमें बताती है कि प्रकाश का स्वागत करना जितना आवश्यक है, अंधकार के बाद आने वाली सुबह पर विश्वास बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है. यह पर्व हमें डूबते सूर्य के सामने सिर झुकाना सिखाता है और उगते सूर्य की पहली किरण के साथ नई उम्मीदों का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है. शायद यही छठ की सबसे बड़ी सांस्कृतिक और मानवीय उपलब्धि है कि वह आस्था को जीवन-दर्शन में, पूजा को प्रकृति संरक्षण में और व्यक्तिगत साधना को सामाजिक एकता में बदल देती है. छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकमानस की वह जीवंत अभिव्यक्ति है, जो हर वर्ष हमें अपनी मिट्टी, अपनी जड़ों और अपने अस्तित्व के मूल स्रोतों की ओर लौटने का निमंत्रण देती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

