जयपुर में ट्रक का कहर: सड़क पर कई गाड़ियों को कुचला, एक की मौत और तीन लोग घायल

जयपुर में ट्रक का कहर: सड़क पर कई गाड़ियों को कुचला, एक की मौत और तीन लोग घायल

प्रेषित समय :17:22:41 PM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क पर जमकर तबाही मचाई. विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में 14 नंबर के पास ट्रक अचानक सर्विस लेन में घुस गया और वहां से गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

सर्विस लेन में घुसते ही वाहनों को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना जयपुर के VKI इलाके में हुई. अनियंत्रित ट्रक सर्विस लेन में पहुंच गया और रास्ते में आने वाली गाड़ियों को टक्कर मारता चला गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है.

कार, पिकअप और दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

दुर्घटना के बाद सामने आए वीडियो में हादसे की भयावहता दिखाई दे रही है. ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया और सामने का शीशा भी चकनाचूर हो गया. ट्रक की टक्कर से एक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया.

इसके अलावा एक पिकअप वाहन, दूसरी कार, बाइक और स्कूटी भी दुर्घटना की चपेट में आए. दूसरी कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक सड़क पर गिरी मिली. स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई थी. घटनास्थल पर वाहनों के टूटे हुए हिस्से बिखरे नजर आए.

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

ट्रक की टक्कर के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

झुंझुनू में भी करंट से हुई थी 8 मजदूरों की मौत

राजस्थान में इससे पहले झुंझुनू जिले के छापोली गांव में भी बड़ा हादसा हुआ था. सड़क निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई थी. मशीन में करंट फैलने से काम कर रहे आठ मजदूरों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य झुलस गए थे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-