नई दिल्ली. 2002 के साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में की गई टिप्पणी पर विवाद गहरा गया है. मामले की जांच करने वाली गुजरात पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) के तत्कालीन प्रमुख राकेश अस्थाना ने पुस्तक में उठाए गए सवालों पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि ट्रेन में आग दुर्घटनावश नहीं लगी थी, बल्कि यह एक सुनियोजित साजिश थी.
अस्थाना ने दावा किया कि जांच के दौरान अयोध्या सहित देश के कई संवेदनशील स्थानों पर हमलों की साजिश से जुड़े खुफिया इनपुट मिले थे. उन्होंने कहा कि साधु के वेश में कमंडल के जरिए विस्फोट करने और अन्य ठिकानों को निशाना बनाने की योजना थी. उनके मुताबिक, इसी साजिश के तहत साबरमती एक्सप्रेस के उस डिब्बे को निशाना बनाया गया, जिसमें कारसेवक सवार थे. जांच में साजिश के तार पाकिस्तान से जुड़े होने के संकेत भी मिले थे.
पाकिस्तान से कॉल और आतंकी नेटवर्क की जांच
अस्थाना के अनुसार, जांच में अमन गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रज्जाक कुरकुर की भूमिका भी सामने आई थी. उन्होंने पाकिस्तान से बड़ी संख्या में फोन कॉल आने और हिजबुल से जुड़े आतंकियों की गतिविधियों के साक्ष्य मिलने का दावा किया. उनके मुताबिक, कारसेवकों को निशाना बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी.
जांच में राजनीतिक हस्तक्षेप से किया इनकार
अस्थाना ने तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार की ओर से जांच को प्रभावित करने के किसी दबाव से इनकार किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री या किसी अन्य स्तर से जांच में हस्तक्षेप नहीं हुआ. जांच में मुस्लिम अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई अधिकारियों ने पहचान छिपाकर अभियान चलाए.
स्टोव से आग लगने की रिपोर्ट पर उठाए सवाल
अग्निकांड की जांच के दौरान न्यायमूर्ति यूसी बनर्जी आयोग की रिपोर्ट में ट्रेन के डिब्बे में आग लगने की वजह स्टोव को बताया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, कारसेवकों के पास मौजूद स्टोव में आग लगने से डिब्बे में आग फैली थी.
हालांकि, अस्थाना ने इस निष्कर्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की रिपोर्ट को एक पीड़ित ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था. उन्होंने दावा किया कि पुलिस जांच और अदालत में पेश साक्ष्यों से आग जानबूझकर लगाए जाने की बात सामने आई थी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

