जबलपुर. दमोह-कटनी रेल मार्ग पर बांदकपुर रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई. अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस में सफर कर रहे पति-पत्नी अपनी दो साल की बेटी को लेकर चलती ट्रेन से कूद गए. हादसे में दंपती और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी दूसरी बेटी ट्रेन में ही छूट गई. कटनी आरपीएफ ने दूसरी बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया. घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना सुबह करीब 6 बजे की है.
गुना स्टेशन पर विवाद के बाद हुई मारपीट
घायलों की पहचान गुना जिले के आरोन निवासी 29 वर्षीय भगीरथ आदिवासी, उनकी 22 वर्षीय पत्नी सविता और ढाई वर्षीय बेटी रितिका के रूप में हुई है. सविता के मुताबिक, वह पति और दोनों बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित मायके से गुना स्टेशन पहुंची थी. यहां कुछ अज्ञात लोगों से विवाद के बाद उनके साथ मारपीट की गई.
ट्रेन में भी दिखे हमलावर, डरकर लगाई छलांग
महिला का आरोप है कि मारपीट से बचने के लिए वे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में बैठ गए. उन्हें जानकारी नहीं थी कि ट्रेन दमोह की ओर जा रही है. सविता के मुताबिक, मारपीट करने वाले लोग उन्हें ट्रेन में भी नजर आए. इससे घबराकर दंपती ने बांदकपुर के पास अपनी एक बेटी को लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी. इस दौरान उनकी दूसरी बेटी ऋतु ट्रेन में ही रह गई.
कटनी में सुरक्षित मिली दूसरी बच्ची
घटना की सूचना मिलने पर दमोह आरपीएफ ने कटनी आरपीएफ को अलर्ट किया. इसके बाद सुबह करीब 8:30 बजे कटनी स्टेशन पर ट्रेन से दूसरी बच्ची को सुरक्षित उतार लिया गया. बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे नाना-नानी के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है. घायल दंपती और बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

