जबलपुर में बकायादारों पर बिजली कंपनी की सर्जिकल स्ट्राइक, शहर भर में कटी बत्ती, 1.5 करोड़ के बकाये पर सीधे खंभे से उतारे तार!

जबलपुर में बकायादारों पर बिजली कंपनी की सर्जिकल स्ट्राइक, शहर भर में कटी बत्ती, 1.5 करोड़ के बकाये पर सीधे खंभे से उतारे तार!

प्रेषित समय :19:10:24 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में लंबे समय से बिजली का बिल दबाकर बैठे और रीडिंग में रोड़ा अटकाने वाले रसूखदारों और बकायादारों के खिलाफ शनिवार को बिजली कंपनी ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. 6 महीने या उससे अधिक समय से बिल और पंचनामा की राशि न चुकाने वालों पर बिजली विभाग का ऐसा चाबुक चला कि पूरे शहर में हड़कंप मच गया.

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा और कार्यपालन अभियंता आशुतोष ओझा के नेतृत्व में उतरी टीमों ने शहर भर में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये के बकायादारों के कनेक्शन सीधे खंभों से काट दिए. कार्रवाई के दौरान ककरैया तलैया क्षेत्र में जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. यहां एक मकान जिस पर उज्जवल सिंह अधिवक्ता का बोर्ड लगा है में बलवीर कौर के नाम पर 46,000 रुपये का बिल बकाया था और चार परिवार साल भर से मुफ्त की बिजली जला रहे थे.

हद तो यह थी कि ये लोग सालों से मीटर रीडर को घर में घुसने तक नहीं दे रहे थे. जब टीम कार्रवाई करने पहुंची, तो घर की महिलाओं को आगे कर विवाद और लड़ाई-झगड़े की कोशिश की गई. लेकिन अधिकारियों के तेवर देख विरोध धरा रह गया; कंपनी ने तुरंत महिला कर्मचारियों को मौके पर बुलाया और न केवल सर्विस लाइन काटी, बल्कि दीवार से मीटर भी उखाड़ कर जब्त कर लिया.

चारों संभागों में मचा कोहराम, 76 लाख की ऑन-द-स्पॉट वसूली-

बिजली कंपनी की इस चौतरफा घेराबंदी से बकायादारों के पसीने छूट गए और मौके पर ही 76.29 लाख रुपये की वसूली हुई.

उत्तर संभाग-

अधारताल, रांझी, महाराजपुर और खम्हरिया समेत अन्य इलाकों में सर्वाधिक 136 कनेक्शन काटे गए.

पूर्व संभाग-

फूटाताल, चांदनी चौक, सदर और इंदिरा मार्केट क्षेत्रों में 121 घरों की बिजली गुल हुई.

पश्चिम व दक्षिण संभाग-

गोरखपुर, राईट टाउन और हाथीताल में 63 बकायादारों सहित गढ़ा, बिलहरी और पॉलीपाथर में भी बड़े बकायादारों पर गाज गिरी.

विजय नगर में बिजली चोरों पर शिकंजा, 51 पर केस दर्ज-

उधर, विजय नगर संभाग में अस्थायी कनेक्शनों की आड़ में चल रहे बिजली चोरी के खेल का भी भंडाफोड़ हुआ. निर्माणाधीन परिसरों और बड़े मकानों में जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसके बाद 51 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए गए. अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यह सख्त अभियान पूरे नवंबर जारी रहेगा और अब बकायादारों पर डीआरए के तहत भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-