पश्चिम मध्य रेल की अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को मिले पदक और ट्रॉफी

पश्चिम मध्य रेल की अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को मिले पदक और ट्रॉफी

प्रेषित समय :19:02:50 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ (WCRSA) के तत्वावधान में आयोजित अंतर-विभागीय क्रिकेट, वॉलीबॉल, पावरलिफ्टिंग, शतरंज और बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन शनिवार, 14 नवंबर को रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में हुआ. समारोह में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया.

समापन समारोह में क्रिकेट, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले खेले गए. इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मुकेश, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी एवं WCRSA अध्यक्ष मनोज गुरुमुखी, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एसडी पाटीदार, सचिव महाप्रबंधक जेपी सिंह और संघ के महासचिव जीपी शिव नारायण सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे.

महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि खेल मनोरंजन के साथ अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं. ये गुण रेलवे के चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र में भी महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने पश्चिम मध्य रेल के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए महिला बैडमिंटन टीम के स्वर्ण पदक, पावरलिफ्टिंग में आनंद कुमार पटेल की सफलता, स्नूकर खिलाड़ी कमल चावला की उपलब्धियों और एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम की सहायक कोच रैना यादव के योगदान का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि खेल आयोजनों का उद्देश्य रेलकर्मियों के कार्यदबाव को कम करना और उनमें नई ऊर्जा का संचार करना भी है.

WCRSA अध्यक्ष मनोज गुरुमुखी ने बताया कि प्रतियोगिता में मुख्यालय की क्रिकेट की 9, वॉलीबॉल की 5 टीमें तथा पावरलिफ्टिंग के 14, बैडमिंटन के 35 और शतरंज के 24 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं रेलकर्मियों के बीच आपसी तालमेल, मित्रता और एकता को मजबूत करती हैं. साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं.

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम

  • पावरलिफ्टिंग: 66 किलोग्राम वर्ग में इंजीनियरिंग विभाग के अमित कुमार ठाकुर प्रथम और रोहित कुमार चौहान द्वितीय रहे. 74 किलोग्राम वर्ग में शाहबाज खान ने पहला और अमरेंद्र पटेल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया. 83 किलोग्राम वर्ग में विजय कुमार वर्मा विजेता रहे.

  • शतरंज: कार्मिक विभाग के शैलेंद्र नारायण धर ने चार अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया. लेखा विभाग के अशोक जैन तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे.

क्रिकेट, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के फाइनल मुकाबलों के विजेता खिलाड़ियों को भी समारोह में पुरस्कृत किया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-