राजस्थान में बड़ा हादसा: पानी के टैंक में डूबने से 4 मासूमों की मौत, तीन सगी बहनें और ममेरा भाई शामिल

राजस्थान में बड़ा हादसा: पानी के टैंक में डूबने से 4 मासूमों की मौत, तीन सगी बहनें और ममेरा भाई शामिल

प्रेषित समय :16:28:48 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जैसलमेर. राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. रूपसी गांव में खेत पर बनी पानी की डिग्गी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई. मृतकों में तीन सगी बहनें और उनका एक ममेरा भाई शामिल है. बताया जा रहा है कि परिवार खेत में ट्यूबवेल से जुड़े काम में लगा हुआ था. इसी दौरान एक बच्ची अचानक पानी की डिग्गी में गिर गई. उसे बचाने के लिए तीन अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए, लेकिन चारों बाहर नहीं निकल सके.

हादसे के बाद परिजन बच्चों को तत्काल जवाहिर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

एक बच्ची को बचाने के लिए पानी में उतरे थे तीनों बच्चे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रूपसी गांव में एक परिवार खेत पर ट्यूबवेल के पास काम कर रहा था. इसी दौरान खेलते या आसपास मौजूद बच्चों में से एक बच्ची पानी से भरी डिग्गी में गिर गई. उसे डूबता देखकर बाकी तीन बच्चे भी बचाने के लिए पानी में उतर गए. देखते ही देखते चारों बच्चे डिग्गी में डूब गए.

मृतकों में तीन बच्चियां और एक बालक शामिल हैं. तीनों बच्चियां आपस में सगी बहनें थीं, जबकि बालक उनका ममेरा भाई बताया गया है. सभी बच्चे सिपला गांव के एक भील परिवार से संबंधित थे.

एसपी ने की घटना की पुष्टि, पुलिस जांच में जुटी

जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि मृत तीनों लड़कियां आपस में बहनें थीं और बालक उनके मामा का बेटा था. परिवार रूपसी गांव में खेतों पर काम कर रहा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक बच्ची पानी की टंकी में गिर गई थी. उसे बचाने के प्रयास में बाकी बच्चे भी पानी में कूद गए और चारों की डूबने से मौत हो गई.

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है.

झालावाड़ में चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

इधर, राजस्थान के झालावाड़ जिले में रायपुर हाईवे पर चाकू की नोक पर लूटपाट करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और चाकू भी बरामद किया है.

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को दिलीप सिंह अपने एक रिश्तेदार के साथ मोटरसाइकिल से झालावाड़ जा रहे थे. इसी दौरान रायपुर क्षेत्र के पिपलोद गांव के पास नायरा पेट्रोल पंप के नजदीक बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया.

आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनकी तलाशी ली और लूटपाट की कोशिश की. विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिलीप सिंह को घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-