बहू के प्रचार में भाजपा नेता ने पढ़ा इस्लाम का कलमा, बोले- खुदा और भगवान एक हैं

बहू के प्रचार में भाजपा नेता ने पढ़ा इस्लाम का कलमा, बोले- खुदा और भगवान एक हैं

प्रेषित समय :17:26:13 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. राजस्थान में जिला परिषद चुनाव के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और सात बार विधायक रह चुके राजेंद्र राठौड़ का एक बयान चर्चा में है. चुरू में अपनी बहू और भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में उन्होंने इस्लाम का कलमा पढ़ा और कहा कि खुदा और भगवान एक हैं. उन्होंने धर्मों के बीच एकता, भाईचारे और इंसानियत का संदेश भी दिया.

पिथीसर गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा, "मेरा बस एक ही निवेदन है. खुदा एक है, भगवान एक है." इसके बाद उन्होंने ‘ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर रसूलुल्लाह’ पढ़ा. उनके इस कथन पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं. इस्लाम में इसे कलमा-ए-तैयबा कहा जाता है.

गांधी के भजन का भी किया उल्लेख

राठौड़ ने महात्मा गांधी के प्रसिद्ध भजन ‘ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’ की पंक्तियां भी सुनाईं. उन्होंने कहा कि सभी लोग एक हैं और सबकी रगों में एक ही खून दौड़ता है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने हमेशा इंसानियत और मोहब्बत का संदेश दिया है, न कि नफरत की राजनीति की है.

बहू ने भी सभा में किया था मुस्लिम अंदाज में अभिवादन

राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह चुरू जिला परिषद के वार्ड नंबर 23 से भाजपा की उम्मीदवार हैं. इससे पहले एक चुनावी सभा में उन्होंने लोगों का अभिवादन ‘अस्सलामु-अलैकुम’ कहकर किया था. इस वार्ड में कायमखानी मुस्लिम समुदाय की बड़ी आबादी है. वहीं, राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह भी वार्ड नंबर 39 से जिला परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कलमा पढ़ने के दावे पर उठाए सवाल

राठौड़ के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अलग प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह कलमा नहीं था और लोगों को इसकी जानकारी नहीं होने के कारण वे इसे कलमा बता रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्हें कलमा के शब्द और उसका अर्थ अच्छी तरह याद हैं. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि राजेंद्र राठौड़ ने जो पढ़ा, उसे वह किस रूप में देखते हैं.

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा की विचारधारा पर सवाल उठाए हैं. पार्टी प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा समाज को बांटने वाली है, लेकिन चुनाव के समय पार्टी धार्मिक सद्भाव और महात्मा गांधी के भजनों की बात कर रही है. उन्होंने भाजपा पर चुनावों में अल्पसंख्यक समुदाय को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं देने का आरोप भी लगाया.

1990 से 2018 तक सात बार जीते विधानसभा चुनाव

राजेंद्र राठौड़ राजस्थान की राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं. उन्होंने 1990 में जनता दल के टिकट पर चुरू विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी. इसके बाद 1993, 1998, 2003, 2008, 2013 और 2018 में भाजपा के टिकट पर लगातार जीत हासिल की. वह 2013 से 2018 तक वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे. उन्हें वसुंधरा राजे का करीबी नेता माना जाता है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-