रायपुर के फूड पार्क में भीषण अग्निकांड, दो गैस सिलेंडर फटे; आधा दर्जन दुकानें जलकर राख

रायपुर के फूड पार्क में भीषण अग्निकांड, दो गैस सिलेंडर फटे; आधा दर्जन दुकानें जलकर राख

प्रेषित समय :16:27:40 PM / Sun, Nov 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित फूड पार्क में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग ने देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान दो गैस सिलेंडरों में भी विस्फोट हो गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई. हादसे में करीब आधा दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं और उनमें रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फूड पार्क में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आग की शुरुआत होते ही परिसर में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कुछ ही देर में लपटों ने आसपास की दुकानों को भी घेर लिया.

दो सिलेंडरों में विस्फोट से बढ़ी आग की भयावहता

आग के दौरान मौके पर रखे दो गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए. विस्फोट के बाद आग ने और विकराल रूप ले लिया. इसकी चपेट में आने से लगभग छह दुकानें पूरी तरह जल गईं. दुकानों में रखा खाद्य सामग्री और अन्य सामान भी आग में नष्ट हो गया. घटना से प्रभावित दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है.

दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा, पुलिस भी पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकलकर्मी आग को आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के साथ उस पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे रहे.

वहीं, पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-