हाजीपुर. बिहार के हाजीपुर में 19 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक के ही कुछ दोस्तों ने उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और फिर सबूत छिपाने के इरादे से उसके शव को कार में ले जाकर ठिकाने लगा दिया. घटना के करीब छह दिन बाद युवक का शव गांव के एक तालाब से बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.
घर से बुलाकर सुनसान जगह पर ले गए दोस्त
मृतक की पहचान टिंकू उर्फ विवेक कुमार (19) के रूप में हुई है. वह वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव का निवासी था. उसके पिता का नाम स्वर्गीय कुलेश्वर राय बताया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 9 नवंबर की रात टिंकू के कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. आरोप है कि वे उसे गांव से दूर एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उस पर तीन गोलियां चलाई गईं. गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार में रखा और दूसरी जगह ले जाकर छिपा दिया. इस तरह घटना को छिपाने की कोशिश की गई.
छह दिन बाद तालाब में मिला शव
घटना के लगभग छह दिन बाद गांव के एक तालाब में युवक का शव मिला. बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे कुत्ते शव को नोच रहे थे. इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया. शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी. इसके बाद परिजनों ने उसकी पहचान टिंकू उर्फ विवेक कुमार के रूप में की.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना स्थित पीएमसीएच भेज दिया है. मामले में हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

