नई दिल्ली/गढ़चिरौली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे अधिक नुकसान जनजातीय समाज को पहुंचाया है. वर्ष 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवादी और नक्सली हिंसा से प्रभावित थे. इस हिंसा में हर साल हजारों लोगों, विशेषकर आदिवासियों की जान जाती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए.
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सली गरीब परिवारों के बच्चों और बेटियों को जबरन अपने साथ ले जाते थे. उनकी सरकार ने नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की, जिससे आदिवासी महिलाओं और परिवारों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है.
पीएम मोदी रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय के लोगों से संवाद किया और करीब तीन हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इसके अलावा मिजोरम में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय का भी उद्घाटन किया.
बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दिल्ली में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया. प्रधानमंत्री ने भी कलाकारों के साथ खरताल बजाकर उत्साह बढ़ाया.
केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी. वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के खूंटी जिले स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू का दौरा किया था. वह इस गांव का दौरा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे.
पहले बस्तर जाने से डरते थे लोग
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बस्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय था, जब लोग वहां जाने से डरते थे. लेकिन कुछ दिन पहले उन्होंने इसी क्षेत्र में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई. उन्होंने कहा कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी समाज की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आसीन हैं.
50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए
पीएम मोदी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में करीब 30 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है. उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं और प्रयासों से करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं.
उन्होंने बताया कि पिछड़े और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है. मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए गए हैं.
आदिवासी वीरों के बलिदान को किया याद
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में आदिवासी समाज ने अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई. इस संघर्ष में अनेक आदिवासी वीरों और वीरांगनाओं ने अपना बलिदान दिया. भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और उनका 'उलगुलान' आज भी देशवासियों को अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

