अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद स्थित जुहापुरा इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और सरखेज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. लब्बेक पार्क स्थित एक मकान के तहखाने में अवैध लैब संचालित की जा रही थी. यहां से करोड़ों रुपये का कच्चा माल और करीब 20 तरह के रसायन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने फैक्ट्री संचालित करने के आरोप में मुद्दसर पठान और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है.
'ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग' के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, संयुक्त अभियान को 'ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग' नाम दिया गया था. टीम ने जुहापुरा के लब्बेक पार्क स्थित मकान में छापा मारा तो तहखाने में ड्रग्स बनाने के लिए लैब तैयार मिली. आरोपी मुद्दसर पठान उर्फ एमएम पठान पिछले तीन साल से इस मकान में किराए पर रह रहा था. बताया गया है कि वह करीब एक महीने से यहां एमडी ड्रग्स तैयार कर रहा था. हालांकि, ड्रग्स की पहली खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही एजेंसियों ने फैक्ट्री पकड़ ली. निगरानी से बचने के लिए मकान के प्रवेश द्वार के सामने सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे.
राजस्थान में सीखी ड्रग्स बनाने की तकनीक
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले नशे का आदी था और बाद में ड्रग्स की तस्करी करने लगा. इसके बाद उसने खुद नशीले पदार्थ तैयार करने की योजना बनाई. पुलिस के अनुसार, वह राजस्थान से ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग लेकर आया था. इसके अलावा गूगल के माध्यम से भी एमडी ड्रग्स तैयार करने की जानकारी जुटा रहा था. आरोपी पिछले करीब एक साल से इस दिशा में सक्रिय था.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वह अहमदाबाद, अंकलेश्वर और मध्यप्रदेश के रतलाम से ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जुटाता था. कुछ सामग्री ऑनलाइन कारोबार करने वाली एक वेबसाइट से भी खरीदी गई थी. एजेंसियां अब रसायनों की खरीद और उनकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं.
आरोपी के कैफे और दूसरे मकान की भी तलाशी
फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद एनसीबी और पुलिस की टीम ने आरोपी के कैफे पर भी छापा मारा. यह कैफे वाईएमसीए क्लब से एसपी रिंग रोड की ओर जाने वाले मुमतपुरा रोड पर स्थित है. यहां करीब तीन घंटे तक दस्तावेजों की जांच की गई और कर्मचारियों से पूछताछ की गई. कार्रवाई के दौरान गवाह भी मौजूद रहे. इसके अलावा आरोपी के एक अन्य मकान की तलाशी ली गई. बरामद सामग्री की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया.
अहमदाबाद के जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा ने बताया कि एनसीबी और सरखेज पुलिस की संयुक्त टीम ने तहखाने में संचालित ड्रग्स लैब का खुलासा किया है. उनके मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सरखेज थाने में पहले भी मारपीट और ऑटो रिक्शा जलाने से जुड़े मामले दर्ज हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

