जबलपुर में शराबखोरों का आतंक, रुपए न देने पर चलाए चाकू, शहर के तीन क्षेत्रों में वारदात से सनसनी

जबलपुर में शराबखोरों का आतंक, रुपए न देने पर चलाए चाकू, शहर के तीन क्षेत्रों में वारदात से सनसनी

प्रेषित समय :18:28:06 PM / Sun, Nov 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में इन दिनों बदमाशों और शराब के नशे में चूर मनचलों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं. 24 घंटे के भीतर शराब के लिए पैसे न देने पर मारपीट और खूनी संघर्ष की तीन सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं. इन मामलों में थाना बरगी, घमापुर और गढ़ा में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं. पुलिस अब आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी है.

दुर्गा मंच पर बैठे मजदूर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला-

बरगी क्षेत्र के अंतर्गत पिपरिया खुर्द में बीती रात पुन्नूलाल कुलस्ते उम्र 55 वर्ष पेशे से मजदूर है.वह शाम करीब 5 बजे गांव के दुर्गा मंच के पास बालाराम परस्ते, सुकरत मार्को और जगन कुलस्ते के साथ बैठा हुआ था. तभी वहां अचानक राकेश कुलस्ते पहुंचा और पुन्नूलाल से शराब पीने के लिए 500 रुपयों की मांग करने लगा. जब पुन्नूलाल ने पैसे देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी राकेश गुस्से से आगबबूला हो गया. उसने गंदी-गंदी गालियां देते हुए अचानक चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में पुन्नूलाल के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं.

सुबह-सुबह पढ़ाई कर रहे किशोर पर डंडों से बर्बर मारपीट-

 घमापुर थानान्तर्गत करिया पाथर शमशान के समीप रहने वाला उदय साहू उम्र 17 वर्ष आज सुबह करीब 4.30 बजे पढ़ाई करने के बाद अपने मामा के घर के बाहर टहल रहा था. तभी वहां हंशू, आशीष राजपूत और ऋषिपाल पहुंचे और आते ही उससे शराब पीने के लिए 2 हजार रुपए की अवैध डिमांड करने लगे. जब किशोर ने रुपए देने से मना किया, तो तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर हंशु ने डंडे से उसके हाथ, पैर, पीठ और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए, जबकि आशीष और ऋषिपाल ने हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की.

चाट खा रहे वकील पर हमला, हेलमेट टूटा, चांदी की चेन गायब

तीसरी वारदात थाना गढ़ा क्षेत्र की है. बीती रात करीब 10 बजे पिसनहारी मढिय़ा के पास मुन्ना जैन की फुल्की और चाट ठेले पर नितिन सिंह ठाकुर (उम्र 38 वर्ष), जो कि पेशे से वकील हैं, चाट खा रहे थे. वहीं पास में चार युवक शराब पी रहे थे. शराब के नशे में धुत उन चारों ने वकील को देखकर शराब के लिए 2 हजार रुपए मांगे.

जब नितिन ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गालियां देते हुए उनके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनके मुंह और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. हद तो तब हो गई जब एक आरोपी ने पत्थर से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनका हेलमेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस छीनाझपटी और हंगामे के बीच उनके गले में पहनी हुई कीमती चांदी की चेन भी गिर गई. पुलिस ने इस गंभीर मामले में बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1), 125, 351(2), 324(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-