जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बीमा रिन्यूअल, इंस्टाग्राम पर रील्स देखते वक्त डाउनलोड किया गया एक अनजान ऐप और मोबाइल में आई तकनीकी खराबी बताते हुए साइबर ठगों ने तीन लोगों को अपना शिकार बनाया है. तीनों लोगों के खाते से ठगों ने हजारों रुपए उड़ा लिए. पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
बैंक मैनेजर ही हो गया डिजिटल ठगी का शिकार, लिंक पर क्लिक करते ही उड़ 49,590 रुपये-
अमित कुमार मौर्य उम्र 34 वर्ष आईसीआईसीआई बैंक शाखा गुलाटी चौक गोरखपुर में डिप्टी बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, उनके साथ यह सनसनीखेज वारदात हुई. अमित कुमार की होंडा साइन मोटर साइकिल (क्रमांक रूक्क 20 हृ्य 3898) का बीमा समाप्त हो गया था. बीते 31 अक्टूबर 2026 को उनके मोबाइल पर बीमा रिन्यूअल का एक मैसेज आया, जिसमें 'व्यू एंड पे चालान' लिखा हुआ था. जैसे ही उन्होंने उत्सुकतावश उस लिंक पर क्लिक किया, उनका पूरा मोबाइल फोन हैक हो गया. इसके बाद 1 नवंबर 2026 को उन्हें होश तब उड़ा जब उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 49,590 रुपये कटने का संदेश मिला. शातिर ठगों ने महज एक लिंक के जरिए बैंक के जिम्मेदार अधिकारी को चूना लगा दिया. इस मामले में पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है.
इंस्टाग्राम पर रील्स देखना पड़ा भारी-
दूसरा मामला थाना भेड़ाघाट क्षेत्र का है, जहां एक गरीब मेहनतगार के साथ ऑनलाइन ठगी का बड़ा खेल खेला गया. गैलेक्सी अस्पताल उखरी तिराहा में वार्ड बॉय का काम करने वाले राजकुमार नामदेव (उम्र 25 वर्ष) किसी तरह अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं. राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 4 नवंबर 2026 को वह अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम पर रील्स देख रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर 'जिया चैटिंग ऐप' की एक रील पर पड़ी और उन्होंने उसे इंस्टॉल कर लिया. ऐप इंस्टॉल होते ही उनका मोबाइल हैंग होने लगा और रुक-रुक कर चलने लगा. इसके बाद 6 नवंबर की दोपहर करीब 3:58 बजे उनके होश उड़ गए जब उनके बैंक खाते से 61,000 रुपये कटने का मैसेज आया. अज्ञात साइबर ठगों ने उनकी मेहनत की गाढ़ी कमाई पलभर में हड़प ली. इस गंभीर मामले में पुलिस ने धारा 318(4), 319(2) और 308 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है.
मोबाइल सुधरवाना पड़ा महंगा, फोन पे से उड़ गए 37,000 रुपए-
तीसरा मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां तकनीकी खराबी ठीक करवाना एक युवक के लिए भारी मुसीबत बन गया. स्टेट बैंक कॉलोनी कोतवाली निवासी राहुल सिंह ठाकुर (उम्र 25 वर्ष) का मोबाइल 24 अक्टूबर 2026 को बार-बार बंद हो रहा था. उन्होंने पहले पास की गगन शॉप पर दिखाया, जहां से सर्विस सेंटर जाने की सलाह दी गई. इसके बाद उन्होंने वीवो कंपनी के लेबर चौक स्थित सर्विस सेंटर से अपना मोबाइल सुधरवाया. मोबाइल ठीक होने के बाद जब राहुल ने फोन पे ऐप के जरिए अपने बैंक ऑफ बड़ौदा (विजयनगर शाखा) के खाते की जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. 24 अक्टूबर को ही उनके खाते से दो बार में कुल 37,000 रुपये किसी अज्ञात शातिर व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर ट्रांसफर कर लिए गए थे. इस सनसनीखेज मामले में भी पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

