जबलपुर. घमापुर थाना क्षेत्र के करियापाथर श्मशान घाट के समीप तड़के बदमाशों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया. पढ़ाई करने के बाद घर के बाहर टहल रहे 17 वर्षीय छात्र को तीन बदमाशों ने दो हजार रुपये नहीं देने पर घेर लिया और लाठियों से बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया. हमले में छात्र के हाथ, पैर, पीठ और सीने में गंभीर चोटें आई हैं. घायल छात्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
सुबह 4.30 बजे बदमाशों ने घेरकर मांगे रुपये
पुलिस के अनुसार उदय साहू उम्र 17 वर्ष अपने मामा के घर पर रहकर पढ़ाई करता है. शनिवार सुबह करीब 4.30 बजे पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर के बाहर टहल रहा था. इसी दौरान क्षेत्र के बदमाश हंशू, आशीष राजपूत और ऋषिपाल वहां पहुंचे. तीनों ने उदय को रोककर उससे दो हजार रुपये मांगे. छात्र ने जब रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी भड़क गए और लाठियां निकालकर उस पर हमला कर दिया.
शोर सुनकर बाहर निकले परिजन, खून से लथपथ मिला छात्र
अचानक हुए हमले से उदय चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा. उसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए. मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि उदय खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा तड़प रहा था. उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं. लोगों की भीड़ जुटती देख तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश में दबिश
परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया. सूचना मिलने पर घमापुर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. सरेराह हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बदमाशों के बढ़ते हौसलों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ा दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

