जबलपुर. एमपी के जबलपुर में कछपुरा ब्रिज पर बीती रात पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बदमाशों ने एक फोटोग्राफर को मौत के घाट उतारने की नीयत से सरेराह लहूलुहान कर दिया. आरोपियों ने न सिर्फ बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसका कीमती आईफोन और गले की सोने की चेन भी लूटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है.
पुलिस से मिली सनसनीखेज जानकारी के अनुसार, माढ़ोताल के ग्रीनसिटी स्थित कसौधन नगर में रहने वाले 32 वर्षीय पंकज पटेल फोटोग्राफी का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बीती रात करीब 9.30 बजे पंकज कछपुरा ब्रिज के ऊपर अपनी एक्सिस गाड़ी सड़क किनारे खड़ी करके मोबाइल पर कुछ जरूरी काम देख रहे थे. अचानक पीछे से उनके ही परिचित करन विश्वकर्मा ने उन्हें आवाज दी.
जैसे ही पंकज ने उसकी पुकार सुनकर पीछे पलटकर देखा, तो करन विश्वकर्मा और उसका साथी गुल्लू उर्फ तुषार सोनी अपनी बाइक से तेजी से उतरकर उनकी ओर झपटे. दोनों के चेहरे पर पुरानी रंजिश पंकज पर हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया.
आरोपी करन विश्वकर्मा ने अपने हाथ में पहने लोहे के भारी कड़े से पंकज के चेहरे और सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े. जब लहूलुहान फोटोग्राफर दर्द से तड़प रहा था, तब बेरहम हमलावरों ने क्रूरता दिखाते हुए उनके हाथ से महंगा एप्पल आईफोन और गले में पड़ी सोने की चेन झपट ली और अपनी बाइक से फरार हो गए. वारदात के बाद किसी तरह हिम्मत जुटाकर दहशत में आए पंकज ने अपने परिजनों और दोस्तों को फोन कर आपबीती सुनाई.
खबर मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल अस्पताल लेकर दौड़े. डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल भर्ती कर लिया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ लूट व जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं.

