जबलपुर. छठ महापर्व की खुशियां मनाने अपने घर बिहार लौट रहे एक युवक के लिए रेल सफर खौफनाक मंजर में तब्दील हो गया. जबलपुर-कटनी रेलखंड पर सिहोरा के समीप गाड़ी संख्या 11061 पवन एक्सप्रेस में एक बेखौफ बदमाश ने यात्री पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर सनसनी फैला दी. चलती ट्रेन में हुए इस खूनी हमले से बोगी में चीख-पुकार और भगदड़ जैसा माहौल बन गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी यात्रियों को जान से मारने की धमकी देते हुए चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार, बिहार के कैमूर जिले के ग्राम बसहा निवासी 20 वर्षीय शिवम सिंह गोवा के एक निजी होटल में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत है. छठ पूजा पर घर जाने के लिए वह कल्याण जंक्शन से पवन एक्सप्रेस में सवार हुआ था. नासिक स्टेशन से एक अज्ञात युवक उसी कोच में चढ़ा. ट्रेन जब जबलपुर से निकलकर सिहोरा की ओर बढ़ रही थी, तब शिवम टॉयलेट के दरवाजे के पास बैठा था. इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात बदमाश ने शिवम की जेब में हाथ डाल दिया. शिवम ने सतर्कता दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और विरोध किया. इससे बौखलाए बदमाश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पलक झपकते ही चाकू निकालकर शिवम पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया.
अचानक हुए इस जानलेवा हमले में शिवम के चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. खून बहता देख कोच में मौजूद अन्य यात्रियों में दहशत फैल गई. कुछ हिम्मती यात्रियों ने हमलावर को दबोचने का प्रयास किया, लेकिन चाकू लहराते हुए आरोपी चलती ट्रेन से छलांग लगाकर अंधेरे में ओझल हो गया. घटना के बाद सहयात्रियों ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी, लेकिन पीडि़त का आरोप है कि मदद मांगने के करीब एक घंटे बाद तक न तो कोई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और न ही मेडिकल टीम उपलब्ध कराई गई.
कटनी में कराया गया भर्ती, जांच में जुटी पुलिस-
ट्रेन के कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर लहूलुहान शिवम को किसी तरह नीचे उतारा गया और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. इस मामले में पुलिस का कहना है कि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने और घटनास्थल पर आधिकारिक स्टॉपेज न होने के कारण तत्काल सहायता पहुंचने में देरी हुई. फिलहाल जीआरपी ने मामला दर्ज कर फरार हमलावर की तलाश तेज कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

