जबलपुर. जबलपुर के कजरवारा स्थित पिंक सिटी में निर्माणाधीन बिल्डिंग से सीमेंट, लोहा और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत सामने आई है. बिल्डिंग बनाने और उसकी देखरेख का ठेका लेने वाले सुनील चौधरी और अनिल चौधरी पर चोरी का आरोप लगा है. सुपरवाइजर नीलेश सिंह ने गोरा बाजार थाने में लिखित शिकायत के साथ कुछ वीडियो भी सौंपे हैं, जिनमें दोनों भाई सीमेंट ले जाते नजर आ रहे हैं.
नीलेश सिंह ने बताया कि पिंक सिटी कजरवारा में पिछले एक साल से बिल्डिंग का निर्माण चल रहा है. इसका ठेका जबलपुर निवासी सुनील चौधरी और अनिल चौधरी को दिया गया था. निर्माणाधीन बिल्डिंग से लगातार सामान गायब हो रहा था, लेकिन यह पता नहीं चल पा रहा था कि चोरी कौन कर रहा है. नीलेश के मुताबिक, बिल्डिंग के सामने रहने वाले एक पड़ोसी ने वीडियो बनाकर उन्हें दिया.
पड़ोसी ने बताया कि रविवार सुबह ठेकेदार एक ऑटो लेकर आए थे और 50 से अधिक सीमेंट की बोरियां उसमें लोड कर ले गए. नीलेश का कहना है कि साइट से लंबे समय से सामान चोरी हो रहा था. आखिरकार दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया. नीलेश सिंह की शिकायत पर गोरा बाजार थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. टीआई संजीव द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को वीडियो के साथ लिखित आवेदन और दोनों भाइयों के मोबाइल नंबर भी मिले हैं. जल्द ही उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

