जबलपुर. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (01667/01668) के संचालन में तीन-तीन अतिरिक्त फेरों का विस्तार किया है. इसके तहत ट्रेन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक चलेगी. इससे मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल अब 20, 23 और 27 नवंबर को संचालित होगी. यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 21, 24 और 28 नवंबर को चलेगी. यह ट्रेन दानापुर से सुबह 11:20 बजे रवाना होकर आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, सिहोरा रोड, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी और नर्मदापुरम होते हुए अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी.
दोनों दिशाओं में ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव पहले की तरह ही रहेंगे. स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 2 एसी द्वितीय श्रेणी, 4 एसी तृतीय श्रेणी, 12 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं.
विस्तारित फेरों के लिए आरक्षण शुरू हो चुका है. यात्री कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट से टिकट बुक करा सकते हैं. रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस या हेल्पलाइन नंबर 139 से ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

