पंजाब में शादी से लौट रहे लोगों की कार पिकअप से टकराई, 5 की मौत, 11 घायल, कार में सवार थे 16 लोग

पंजाब में शादी से लौट रहे लोगों की कार पिकअप से टकराई, 5 की मौत, 11 घायल, कार में सवार थे 16 लोग

प्रेषित समय :09:51:43 AM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

फाजिल्का. पंजाब के फाजिल्का जिले में रविवार रात कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए. मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं. हादसा गांव थेह कलंदर के पास हुआ. कार में सवार सभी 16 लोग शादी समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे.

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग गांव तिवाना कलां के निवासी थे. वे गांव करणी खेड़ा में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात घर लौटते समय उनकी कार की पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई.

टक्कर के बाद कार में फंसे यात्री

हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. सभी घायलों को एंबुलेंस से फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से दो से चार लोगों को गंभीर हालत में फरीदकोट सहित अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.

जलालाबाद के विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की जान गई है. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की टीम उपचार में जुटी है और सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

हादसे में इनकी गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान देसो बाई, सचिन, जौन, मनप्रीत और गुरलीन कौर के रूप में हुई है. सरकारी अस्पताल के मेडिकल अधिकारी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-