अररिया. बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अररिया-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास तेज मोड़ पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी. हादसे के समय वाहन में सात लोग सवार थे. सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे और सिकटी में आयोजित तिलक समारोह से लौट रहे थे.
तीखे मोड़ पर चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के मुताबिक, थुमहा गांव के कुछ लोग सिकटी के भपटिया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे. बुधवार देर रात वापस लौटते समय बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद स्कॉर्पियो रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी.
ग्रामीणों ने रस्सी से बांधकर निकाली गाड़ी
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ ही बचाव कार्य शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से नदी में डूबी स्कॉर्पियो को बांधा और जेसीबी की सहायता से बाहर निकलवाया. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को बचा लिया गया. घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मृतकों में चार नाबालिग
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में हुई है. सभी सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे. मृतकों में चार नाबालिग शामिल हैं. एक साथ छह लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है. तिलक समारोह से लौट रहे परिवारों की खुशियां हादसे के बाद गम में बदल गईं.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

