अहमदाबाद। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले उनके कुछ गानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धारेन्नावर ने गायक से शराब, ड्रग्स और हथियार संस्कृति से जुड़े कथित संदेश वाले चार गानों को कार्यक्रम में प्रस्तुत नहीं करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इन गानों को कॉन्सर्ट में गाया गया तो गुजरात हाईकोर्ट में अदालत की अवमानना याचिका दायर की जा सकती है।
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट शनिवार, 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होने वाला है। इस कार्यक्रम को लेकर आयोजकों और पुलिस ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। हालांकि, कॉन्सर्ट से पहले गानों को लेकर उठी आपत्ति ने आयोजन को चर्चा में ला दिया है।
शराब और ड्रग्स से जुड़े गानों पर जताई आपत्ति
चंडीगढ़ के पीजीजीसी-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धारेन्नावर ने दिलजीत दोसांझ के कुछ गानों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने विशेष रूप से ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छू फिल्म लोबिया’ और ‘जट उत्थे फायर करदा’ जैसे गानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके बोल शराब, नशीले पदार्थों और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने वाले हैं।
उनका कहना है कि ऐसे गानों का बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कलाकारों से सार्वजनिक मंचों पर ऐसे गीतों के प्रदर्शन से बचने की अपील की है।
हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला, अवमानना की चेतावनी
डॉ. धारेन्नावर ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 2019 के एक आदेश का हवाला देते हुए दावा किया कि अदालत ने शराब, ड्रग्स और नशीले पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देने वाले गानों को मंच पर प्रस्तुत करने से रोकने संबंधी निर्देश दिए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान ऐसे गानों का प्रदर्शन किया था। प्रोफेसर ने सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के प्रयासों के बीच ऐसे गीतों का प्रचार उचित नहीं है।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि अहमदाबाद कॉन्सर्ट में आपत्तिजनक बताए गए गाने प्रस्तुत किए गए तो वह गुजरात हाईकोर्ट में अदालत की अवमानना का मामला दायर करेंगे।
कॉन्सर्ट में 85 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना
दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अहमदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 85 हजार दर्शकों के आने की उम्मीद है। सहायक कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को मिलाकर कुल उपस्थिति 90 हजार से अधिक हो सकती है।
कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए लगभग 2 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस की 3 कंपनियां, बम निरोधक दस्ते (BDDS), क्विक रिस्पॉन्स टीम, क्राइम ब्रांच और एसओजी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
600 CCTV कैमरों से होगी निगरानी
कॉन्सर्ट स्थल पर सुरक्षा जांच के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंडहेल्ड जांच व्यवस्था की गई है। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर करीब 600 CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा लगभग 1,500 निजी कैमरे भी प्रवेश द्वार, निकास मार्ग और अंदरूनी व्यवस्थाओं की निगरानी में मदद करेंगे।
बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना के चलते पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा जांच और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

