अधिवक्ता से मारपीट के आरोप पर भड़के वकील, कैंट थाने में प्रदर्शन, चार घंटे बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर जताई नाराजगी

अधिवक्ता से मारपीट के आरोप पर भड़के वकील, कैंट थाने में प्रदर्शन, चार घंटे बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर जताई नाराजगी

प्रेषित समय :12:58:41 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. कैंट थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा कथित मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला गरमा गया है. घटना के चार घंटे से अधिक समय बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने और घायल अधिवक्ता का मेडिकल परीक्षण नहीं कराए जाने से नाराज बड़ी संख्या में वकीलों ने कैंट थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया. जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं होने पर थाने में धरना शुरू किया जाएगा. साथ ही न्यायालय परिसर में पुलिस के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी की जाएगी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता देवेंद्र नाथ पंकज ने कैंट थाने में पदस्थ आरक्षक भूपेंद्र पटेल पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है. अधिवक्ता पक्ष के मुताबिक, विवाद के दौरान उन्होंने घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की थी. इसके बाद कथित तौर पर आगे जाकर उनका वाहन रोका गया. आरोप है कि कार का कांच खोलते समय आरक्षक ने उनके साथ मारपीट की, जिससे नाक से खून निकलने लगा. अधिवक्ता का आरोप है कि उन्हें कॉलर पकड़कर वाहन से बाहर निकाला गया और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया.

घटना की जानकारी मिलने पर जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे. सचिव ने आरोप लगाया कि घटना के चार घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने के लिए कोई अधिकृत अधिकारी सामने नहीं आया. पुलिस अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश लेने की बात कहकर कार्रवाई टाल रहे हैं. अधिवक्ता संघ ने आरोप लगाया कि संबंधित आरक्षक अधिवक्ता का मोबाइल लेकर थाने नहीं पहुंचा है. पदाधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर घायल का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए था, लेकिन कार्रवाई में देरी की जा रही है. फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-