भारत-रूस कारोबार को मिलेगी नई दिशा, 59.86 अरब डॉलर के व्यापार के बीच एफटीए की पहल

भारत-रूस कारोबार को मिलेगी नई दिशा, 59.86 अरब डॉलर के व्यापार के बीच एफटीए की पहल

प्रेषित समय :19:17:13 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. भारत और रूस के बीच दशकों पुराने रणनीतिक एवं कारोबारी संबंधों को नई मजबूती मिलने के संकेत हैं. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) करने की इच्छा जताई है. उन्होंने भारत को एक बड़ा बाजार बताते हुए कहा कि रूस इन संभावनाओं का लाभ उठाना चाहता है. इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार मिलने की उम्मीद है.

चीन के शेन्जेन में आयोजित एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन ने भारत और रूस के नेतृत्व वाले यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (ईएईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया तेज करने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि भारत एक प्रमुख बाजार है और मॉस्को उसके साथ एफटीए की संभावनाओं को आगे बढ़ाना चाहता है.

पीएम मोदी के साथ भी हो चुकी है चर्चा

इस साल सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात के दौरान भी मुक्त व्यापार समझौते को लेकर चर्चा हुई थी. पुतिन ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था का केंद्र तेजी से एशिया-प्रशांत क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है. पिछले तीन वर्षों में रूस के मौजूदा व्यापार समझौतों के दायरे में आने वाला बाजार तीन गुना बढ़ा है. पहले यह करीब 18.5 करोड़ लोगों तक सीमित था, जो अब बढ़कर 57 करोड़ लोगों तक पहुंच गया है.

भारत-रूस के बीच 59.86 अरब डॉलर का कारोबार

भारत और रूस के बीच व्यापारिक संबंधों में लगातार विस्तार हुआ है. वर्ष 2025-26 में दोनों देशों का कुल द्विपक्षीय कारोबार करीब 59.86 अरब डॉलर (लगभग 5.5 लाख करोड़ रुपये) रहा. हालांकि, इस व्यापार में भारत का आयात रूस से होने वाले निर्यात की तुलना में काफी अधिक है.

आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने रूस को करीब 5 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि रूस से लगभग 55 अरब डॉलर का आयात किया. इस तरह भारत को करीब 50 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ.

मुक्त व्यापार समझौता होने की स्थिति में भारतीय उत्पादों को रूसी बाजार में बेहतर पहुंच मिलने और निर्यात बढ़ने की उम्मीद है. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन सुधारने के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-