संगरूर. टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में पंजाब को लेकर पूछे गए एक सवाल ने विवाद खड़ा कर दिया है. शो में पंजाब को अपराध और पुलिस थानों पर बम धमाकों से जोड़ने वाले सवाल पर आपत्ति जताई गई है. मामले में संगरूर के एक वकील ने अभिनेता अमिताभ बच्चन और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन को कानूनी नोटिस भेजकर सार्वजनिक माफी की मांग की है.
नोटिस में विवादित सवाल और उससे संबंधित वीडियो क्लिप को नेशनल मीडिया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने, पंजाब के लोगों से बिना शर्त माफी मांगने और पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की गई है. इसके लिए 15 दिन की समयसीमा तय की गई है. मांगें पूरी नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है.
अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को भेजा गया नोटिस
यह कानूनी नोटिस रंजीत सिंह की ओर से एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने भेजा है. नोटिस अमिताभ बच्चन को KBC के होस्ट के तौर पर, एबी कॉर्प लिमिटेड के माध्यम से तथा सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ को संबोधित किया गया है.
एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उनके क्लाइंट ने उन्हें शो से संबंधित कुछ स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप उपलब्ध कराए थे. इनमें 12 लाख 50 हजार रुपये के सवाल के रूप में पूछा गया था—‘हाल ही में किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों पर बम धमाके करने से नहीं डरते?’
पंजाब की छवि को लेकर जताई गई आपत्ति
वकील के अनुसार, इस सवाल के जरिए पंजाब को अपराध से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जिससे राज्य की छवि और वहां के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है. उन्होंने कहा कि किसी एक राज्य को इस तरह अपराध के संदर्भ में प्रस्तुत करना उचित नहीं है.
नोटिस के जरिए विवादित सवाल और वीडियो को तत्काल हटाने के साथ पंजाब के लोगों से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई है.
वीडियो AI से बनाए जाने की भी जताई आशंका
एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने आशंका जताई कि संभव है वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया हो. यदि जांच में ऐसा सामने आता है, तो वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वर्ष 2000 से दर्शकों के बीच लोकप्रिय है KBC
‘कौन बनेगा करोड़पति’ भारत के लोकप्रिय टेलीविजन क्विज शो में शामिल है. इसकी शुरुआत वर्ष 2000 में हुई थी और अमिताभ बच्चन लंबे समय से इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे हैं. यह शो ब्रिटिश कार्यक्रम ‘हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ के भारतीय संस्करण पर आधारित है.
कार्यक्रम में प्रतियोगियों से सामान्य ज्ञान, इतिहास, विज्ञान, खेल, मनोरंजन और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं. सही जवाब देकर प्रतिभागी इनामी राशि के अलग-अलग स्तर पार करते हैं और बड़ी रकम जीतने का मौका हासिल करते हैं. कठिन सवालों के जवाब देने में मदद के लिए शो में लाइफलाइन भी उपलब्ध कराई जाती हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

