इटली में सोनिया गांधी का बचपन का घर बनेगा म्यूजियम, सिख कारोबारी ने जताई उम्मीद

इटली में सोनिया गांधी का बचपन का घर बनेगा म्यूजियम, सिख कारोबारी ने जताई उम्मीद

प्रेषित समय :17:38:18 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अमृतसर. कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी का इटली स्थित बचपन का घर अब संग्रहालय में तब्दील होने की तैयारी में है. छह साल पहले इस संपत्ति को खरीदने वाले भारतीय मूल के सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कांग ने इसे म्यूजियम के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है. उन्हें उम्मीद है कि संग्रहालय का काम पूरा होने के बाद सोनिया गांधी खुद इस घर को देखने इटली आएंगी.

इटली के विसेंजा प्रांत के लुसियाना गांव में स्थित यह छह कमरों वाला मकान ग्रे पत्थर और कंक्रीट से बना है. यह ब्रेशिया से करीब एक घंटे की दूरी पर है. मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के जुहुरा गांव के रहने वाले सुखदेव सिंह कांग वर्ष 1992 में इटली चले गए थे. उन्होंने 2020 में इस मकान को खरीदा था.
अमृतसर दौरे के दौरान आईएएनएस से बातचीत में कांग ने बताया कि उनका परिवार इस संपत्ति को खरीदकर बेहद खुश है. उनका उद्देश्य सोनिया गांधी के बचपन से जुड़ी यादों को सुरक्षित रखना और इस घर को संग्रहालय के रूप में विकसित करना है.

कांग के मुताबिक, मकान खरीदने के कुछ समय बाद ही कोविड महामारी शुरू हो गई, जिसके कारण नवीनीकरण का काम प्रभावित हुआ. उन्होंने कहा कि घर के अंदरूनी हिस्से में बहुत अधिक बदलाव नहीं किए गए हैं. सफाई और मरम्मत के बावजूद वहां कई पुरानी वस्तुएं आज भी सुरक्षित हैं.
उन्होंने बताया कि मकान में पुराना टेप रिकॉर्डर, रेडियो, मेज-कुर्सियां, घरेलू सामान और परिवार की तस्वीरें मौजूद हैं. इन चीजों को भी संरक्षित रखने की योजना है, ताकि घर से जुड़ी पुरानी यादों और इतिहास को संजोया जा सके.
कांग ने स्पष्ट किया कि उनका परिवार इस मकान में नहीं रहता है. वे इसे एक जिम्मेदारी और सेवा की भावना से संभाल रहे हैं. इसके रखरखाव पर हर साल करीब 1,000 यूरो खर्च किए जाते हैं.

सोनिया गांधी के आने का इंतजार

सुखदेव सिंह कांग को उम्मीद है कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर सोनिया गांधी इटली के इस गांव का दौरा जरूर करेंगी. उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्हें सोनिया गांधी की खराब तबीयत और उनकी मां के निधन की जानकारी मिली थी. अब वे उचित समय और अवसर का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने अपने परिवार की एक भावुक याद साझा करते हुए बताया कि उनके दादा-दादी का जन्म पाकिस्तान में हुआ था. उनकी दादी जीवन के अंतिम दिनों तक अपने जन्मस्थान और पुश्तैनी घर को देखने की इच्छा जताती रहीं, लेकिन उनकी यह ख्वाहिश पूरी नहीं हो सकी. कांग के अनुसार, जन्मस्थान से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता जीवनभर बना रहता है. उनका मानना है कि सोनिया गांधी के लिए भी उनका बचपन का घर बेहद खास होगा. उन्होंने इस मकान को एक पवित्र स्थान बताते हुए कहा कि यहीं उनके माता-पिता ने उनका पालन-पोषण किया था.

म्यूजियम से गांव को भी मिलेगा फायदा

कांग का मानना है कि संग्रहालय तैयार होने के बाद यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे. इससे न केवल सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी यादों को संरक्षित किया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय गांव की अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बेटी भी इस पहल में पूरा सहयोग दे रही हैं. परिवार मिलकर मकान के संरक्षण और विकास के काम में जुटा है. कांग ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से इटली के इस गांव का दौरा करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इटली में रहने वाला सिख समुदाय, भारतीय मूल के लोग और स्थानीय ग्रामीण सोनिया गांधी के स्वागत के लिए उत्सुक हैं.

उन्होंने बताया कि गांव के कुछ बुजुर्ग आज भी सोनिया गांधी के बचपन के दिनों को याद करते हैं. उन्हें याद है कि किस तरह वह अपने दोस्तों के साथ एक खास कैफे में कॉफी पीने जाया करती थीं और गांव की अलग-अलग जगहों से गुजरती थीं. समय बीतने के साथ उनके पुराने परिचित भी उम्रदराज हो चुके हैं, लेकिन उनकी यादें आज भी ताजा हैं.
कांग के मुताबिक, जब गांव के लोगों को पता चला कि सोनिया गांधी का बचपन का घर एक सिख परिवार ने खरीदा है, तो उनकी उम्मीदें और बढ़ गईं. उनका कहना है कि वे इस संपत्ति को अपनी निजी संपत्ति के बजाय एक धरोहर की तरह देखते हैं और इसे तब तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, जब तक सोनिया गांधी एक बार यहां आकर अपना बचपन का घर न देख लें.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-