जबलपुर. नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में जबलपुर ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. रानी दुर्गावति चिकित्सालय में मध्यप्रदेश के सबसे बड़े और महाकौशल के पहले कॉम्प्रिहेंसिव लेक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर एवं मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का शुभारंभ किया गया. लगभग 70 लाख रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक केंद्र के माध्यम से अब जरूरतमंद, बीमार और कम वजन वाले नवजात शिशुओं को सुरक्षित मां का दूध उपलब्ध कराया जा सकेगा.
समय से पहले जन्मे बच्चों को मिलेगा मां का दूध
नवजात शिशु के स्वस्थ जीवन की शुरुआत के लिए मां का दूध बेहद महत्वपूर्ण होता है. इसमें मौजूद पोषक तत्व और एंटीबॉडी बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ उनके शारीरिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं. लेकिन कई परिस्थितियों में समय से पहले जन्म लेने वाले, कम वजन वाले या गंभीर रूप से बीमार शिशुओं को मां का पर्याप्त दूध नहीं मिल पाता. ऐसे बच्चों के लिए ‘अमृत कलश’ मिल्क बैंक जीवनरक्षक साबित हो सकता है. इस केंद्र में उन माताओं से स्वैच्छिक रूप से अतिरिक्त दूध एकत्र किया जाएगा, जो अपने शिशु की जरूरत पूरी होने के बाद दूध दान करना चाहती हैं. दान किए गए दूध को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांचने, सुरक्षित तरीके से संसाधित करने और संरक्षित करने के बाद जरूरतमंद नवजातों को उपलब्ध कराया जाएगा. विशेष रूप से एसएनसीयू और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों को इसका लाभ मिलेगा.
संक्रमण का खतरा होगा कम, मजबूत होगी रोग प्रतिरोधक क्षमता
मिल्क बैंक की सुविधा से उन नवजातों को भी मां के दूध का लाभ मिल सकेगा, जिन्हें किसी कारणवश अपनी मां का दूध उपलब्ध नहीं हो पाता. इससे बच्चों को आवश्यक पोषण मिलने के साथ संक्रमण से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी. बेहतर पोषण के जरिए नवजातों के स्वास्थ्य में सुधार होगा और शिशु मृत्यु दर कम करने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी.
मंत्री राकेश सिंह और विधायक अभिलाष पांडे ने किया शुभारंभ
रानी दुर्गावति चिकित्सालय में नवनिर्मित कॉम्प्रिहेंसिव लेक्टेशन मैनेजमेंट सेंटर एवं मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का लोकार्पण लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह और उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे की उपस्थिति में किया गया. कार्यक्रम में क्षेत्रीय संचालक जबलपुर संभाग डॉ. भरत खटीक, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी, डॉ. नीता पाराशर, विनीता उप्पल, डॉ. धीरज दवनाडे, डॉ. नील कुमार सुहाने, डॉ. पल्लवी लोंढे, अजय कुरील, विजय पांडे और संदीप नामदेव सहित चिकित्सक एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे.
महाकौशल के नवजातों को मिलेगा सीधा लाभ
‘अमृत कलश’ मिल्क बैंक की शुरुआत जबलपुर ही नहीं, बल्कि पूरे महाकौशल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम है. इससे उन नवजात शिशुओं को मां के दूध का पोषण मिल सकेगा, जो जन्म के बाद कई स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करते हैं. माताओं के दूध दान को प्रोत्साहित करने और उसे सुरक्षित तरीके से जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने की यह व्यवस्था नवजातों को स्वस्थ भविष्य देने की दिशा में अहम पहल साबित होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

