लुधियाना. पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल की दूरी खत्म करते हुए एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया है. दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की.
गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि पंजाब में भाजपा और अकाली दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे. गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और चुनाव में जीत मिलने पर मुख्यमंत्री भी अकाली दल का ही नेता बनेगा. हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
दोनों पार्टियों का गठबंधन पहले भी पंजाब में तीन बार सरकार बना चुका है. वर्ष 1997, 2007 और 2012 में भाजपा-अकाली दल की सरकार बनी थी. कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में करीब 24 साल पुराना यह गठबंधन टूट गया था. इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 117 में से केवल तीन सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा महज दो सीटों पर जीत दर्ज कर सकी थी.
सुखबीर बादल बोले- भाजपा से हमारा रिश्ता नाखून-मांस जैसा
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को महज राजनीतिक समझौता मानने से इनकार करते हुए इसे भावनात्मक और पारिवारिक रिश्ता बताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता प्रकाश सिंह बादल कहा करते थे कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता नाखून और मांस जैसा है.
बादल ने कहा कि जब तक दोनों दल साथ रहे, पंजाब में तरक्की और शांति का माहौल बना रहा. यह रिश्ता उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा लालकृष्ण आडवाणी ने बनाया था. उन्होंने कहा कि पंजाब को बचाने और फिर से विकास की राह पर लाने के लिए दोनों दलों का साथ आना जरूरी था.
उन्होंने अकाली दल को देश की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी बताते हुए कहा कि देश की आजादी और आजादी के बाद भी पार्टी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
8 दिसंबर को मोगा में होगी बड़ी रैली, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
सुखबीर बादल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में विशाल रैली आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने हमेशा सभी धर्मों का सम्मान किया और पंजाब में भाईचारे तथा सद्भाव को मजबूत बनाए रखा.
नितिन नवीन बोले- एनडीए की ताकत बढ़ेगी
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन की घोषणा को पंजाब और देश के हित में बड़ा फैसला बताया. उन्होंने कहा कि अकाली दल के एनडीए में शामिल होने से गठबंधन की ताकत बढ़ेगी. भाजपा और अकाली दल का गठबंधन स्वाभाविक है और जनता के साथ-साथ दोनों दलों के नेताओं के बीच भी इसका मजबूत आधार है.
उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब के विकास को नई दिशा देंगी. यह गठबंधन हिंदू-सिख एकता का भी प्रतीक है.
अमित शाह बोले- गठबंधन लंबा चले, इसलिए तैयार किया संयुक्त रोडमैप
गठबंधन की घोषणा में देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर अमित शाह ने कहा कि बातचीत और विचार-विमर्श में समय लगा, क्योंकि दोनों दल चाहते थे कि यह गठबंधन लंबे समय तक चले. इसके लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया गया है. उन्होंने कहा कि गठबंधन को मजबूत आधार देने के बाद ही इसकी औपचारिक घोषणा की गई है.
करतारपुर कॉरिडोर पर भी बोले शाह
करतारपुर साहिब कॉरिडोर को लेकर अमित शाह ने कहा कि इसकी मांग आजादी के समय से होती रही है. उन्होंने कहा कि अगर उस समय भाजपा की भूमिका होती तो करतारपुर साहिब भारत में होता. शाह ने कांग्रेस को इसके भारत से अलग रहने के लिए जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने कहा कि भारत ने ही करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण कराया था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से इसे बंद करना पड़ा. स्थिति सामान्य होने पर इसे फिर से खोल दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार भी चाहती है कि कॉरिडोर दोबारा शुरू हो और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.
नशा मुक्त पंजाब और गैंगस्टरवाद का खात्मा प्राथमिकता
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में भाजपा और एनडीए की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, नशे की समस्या पर लगाम लगाना और गैंगस्टरवाद को खत्म करना होगा. उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं, वहां कानून-व्यवस्था बेहतर रखने पर विशेष ध्यान दिया जाता है. पंजाब को नशामुक्त बनाना और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करना गठबंधन के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेगा.
सुखबीर बादल बोले- पंजाब को फिर बनाएंगे प्रगतिशील राज्य
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में पंजाब को काफी नुकसान हुआ है. अब राज्य को दोबारा विकास और खुशहाली के पुराने दौर में ले जाने की जरूरत है. उन्होंने पंजाब के सैनिकों के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि देश की रक्षा में पंजाब के जवानों ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और अनेक बलिदान दिए हैं. बादल ने कहा कि अमित शाह ने भरोसा दिलाया है कि पंजाब को फिर से उसका गौरवशाली स्थान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

