भूसे के ढेर के नीचे छिपा रखे थे 4 करोड़ से ज्यादा रुपए, नागपुर पुलिस ने बरामद कीं नोटों से भरी 3 बोरियां

भूसे के ढेर के नीचे छिपा रखे थे 4 करोड़ से ज्यादा रुपए, नागपुर पुलिस ने बरामद कीं नोटों से भरी 3 बोरियां

प्रेषित समय :16:09:38 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बालाघाट. महाराष्ट्र के नागपुर में हुई 3.74 करोड़ रुपए की बड़ी लूट का कनेक्शन अब मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से जुड़ गया है. मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक आरोपी को साथ लेकर ग्राम डोरली में दबिश दी. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक खेत में भूसे (पैरे) के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई नकदी से भरी तीन बोरियां बरामद की हैं. बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है. फिलहाल ग्राम पंचायत में पुलिस टीम की मौजूदगी में नोटों की गिनती की जा रही है.

परिचित के खेत को बनाया था करोड़ों की रकम का ठिकाना

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने लूट की रकम करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में भरकर गांव के ही एक परिचित के खेत में छिपा दी थी. बोरियों को भूसे के ढेर के नीचे इस तरह दबाया गया था कि किसी को उन पर शक न हो. मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर डोरली पहुंची. उसकी निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई, जहां से नकदी से भरी तीनों बोरियां बरामद कर ली गईं.

3.74 करोड़ की लूट, बरामद रकम 4 करोड़ से ज्यादा

खेत से मिली नकदी को ग्राम पंचायत डोरली में रखकर उसकी गिनती की जा रही है. शुरुआती जानकारी में बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है. हालांकि, नागपुर में हुई वारदात में 3.74 करोड़ रुपए लूटे जाने की बात सामने आई थी. ऐसे में लूट की बताई गई रकम से ज्यादा नकदी मिलने का मामला भी जांच के दायरे में है. पुलिस बरामद राशि के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है. इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने से गांव में भी हलचल मची हुई है.

18 नवंबर की रात हथियारबंद बदमाशों ने लूटी थी कार

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को निशाना बनाया था. बदमाश नकदी से भरी कार लूटकर फरार हो गए थे. कार में करीब 3.74 करोड़ रुपए रखे हुए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार को कामठी रोड स्थित खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे.

बालाघाट तक पहुंची लूट की जांच, अन्य आरोपियों की तलाश

घटना के बाद से नागपुर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. अब बालाघाट के डोरली गांव में करोड़ों रुपए की नकदी बरामद होने के बाद जांच तेज हो गई है. पुलिस लूट में शामिल अन्य आरोपियों और रकम छिपाने में मदद करने वालों की भूमिका भी खंगाल रही है. बरामद नकदी लूट की बताई गई राशि से अधिक होने के कारण पुलिस को अन्य आपराधिक घटनाओं से इसके संभावित संबंधों की भी जांच करनी पड़ रही है.