UAE में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 13 लोगों की मौत; भारतीय नागरिक भी शामिल, दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

UAE में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 13 लोगों की मौत; भारतीय नागरिक भी शामिल, दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

प्रेषित समय :21:35:34 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दुबई. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रस अल खैमाह में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए. हादसे में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. दुर्घटना के बाद दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पीड़ितों के परिवारों की सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर जारी किया है.

41 यात्रियों से भरी बस खड़े ट्रक से टकराई

यह हादसा रस अल खैमाह के अल वतन रोड पर हुआ, जहां 41 यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खराबी के कारण खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

यूएई के गृह मंत्रालय ने शुरुआती तौर पर 11 लोगों की मौत की पुष्टि की थी. हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान दो अन्य घायलों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई. हादसे में घायल 14 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.

भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटना में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की जान गई है. हालांकि, मृतकों और घायलों में भारतीयों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

दूतावास ने प्रभावित परिवारों से संपर्क कर सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय शुरू किया है. साथ ही, जरूरतमंद परिवारों के लिए 24 घंटे सक्रिय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 जारी किया गया है.

फुजैराह हादसे में भी हुई थी 4 भारतीयों की मौत

यूएई में हाल के दिनों में यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है. इससे कुछ दिन पहले फुजैराह में कई वाहनों की टक्कर में 14 लोगों की मौत हुई थी. इस दुर्घटना में भी चार भारतीय नागरिकों की जान चली गई थी. लगातार हो रहे हादसों से यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-